यूपी के हरदोई में SDM पर हमला, पत्थर लगने से फूटा सिर; भाजपा नेता के बेटे पर गुंडई का आरोप

हरदोई के शाहबाद क्षेत्र के परियल गांव में निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, जिससे उनके सिर पर पत्थर लगने से खून बहने लगा। मामले में भाजपा जिला पंचायत सदस्य के बेटे उदयवीर राजपूत पर भीड़ जुटाकर हमला कराने का आरोप है।

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक एसडीएम पर हुए हमले के बाद अब सियासत गरमा गई है। शाहबाद तहसील क्षेत्र के परियल गांव में निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा पर गांव के लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि बाढ़ राहत तैयारी, अन्नपूर्णा भवन और आरआरसी सेंटर की जांच के दौरान सरकारी संपत्तियों में बड़ी खामियां सामने आईं, जिस पर सवाल उठाने पर विवाद भड़क उठा।

इस लापरवाही को लेकर जब एसडीएम ने स्थानीय ग्राम पंचायत से जवाब-तलब किया तो भाजपा जिला पंचायत सदस्य के बेटे उदयवीर राजपूत ने अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद उसने करीब 150 ग्रामीणों को इकट्ठा कर प्रशासनिक टीम का पीछा करवाया और उन पर पथराव कराया। इसी दौरान एसडीएम सुशील मिश्रा के सिर पर पत्थर लगा और खून बहने लगा। घटना को लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर चिंता जाहिर की है।

मॉक ड्रिल की तैयारी के लिए पहुंचे थे एसडीएम

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसडीएम सुशील मिश्रा ने बताया कि 11 तारीख को होने वाली संभावित मॉक ड्रिल की तैयारियों के सिलसिले में वे सोमवार को परियल गांव पहुंचे थे। गर्रा नदी के किनारे स्थित नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन की जांच के दौरान दुकान का नया शटर जाम मिला, वहीं आरआरसी सेंटर के दोनों गेट गायब थे। बीडीओ शाहाबाद ने बताया कि आरआरसी सेंटर का भुगतान हो चुका है, लेकिन काम अधूरा पड़ा था।

जवाब मांगने पर भड़क उठा प्रधान का बेटा

एसडीएम के मुताबिक, सरकारी संपत्तियों में इस तरह की गड़बड़ी मिलने पर जब उन्होंने प्रधान पुत्र उदयवीर राजपूत से जवाब मांगा तो वह भड़क गया। उसने सीधे शब्दों में कहा कि आपको जिससे पूछना है, जाकर पूछ लीजिए, मैं कुछ नहीं बताऊंगा। इसके बाद आरोपी ने खुद को भाजपा जिला पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान का बेटा बताते हुए मौके पर भारी भीड़ बुला ली।

गाड़ी से उतरते ही सिर पर लगा पत्थर

माहौल बिगड़ता देख एसडीएम ने अपने साथ आए कानूनगो, लेखपाल, गनर और होमगार्ड को गाड़ी में बैठाया और आगे बढ़ने लगे। तभी 100 से 150 लोग बांस और बल्ली लेकर उनका पीछा करने लगे। जब एसडीएम भीड़ को समझाने के लिए गाड़ी से उतरे, तभी एक पत्थर सीधे उनके सिर पर आकर लगा।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/hardoi-sdm-attacked-by-mob-after-dispute-with-bjp-jila-panchayat-son-start-investigation-10553416.html