गर्मियों के मौसम में हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाके पर्यटकों से गुलजार हो उठे हैं। दिल्ली समेत उत्तर भारत के दूसरे राज्यों की तुलना में यहां पारा करीब 10 डिग्री नीचे है, जिसके चलते सैलानी राहत की तलाश में पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। हालांकि गर्मी की तपिश से पहाड़ भी अछूते नहीं हैं, फिर भी शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी जैसे स्थलों पर पर्यटकों की आमद लगातार बढ़ रही है। इसी भीड़ के साथ इन इलाकों में ट्रैफिक जाम एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है।
मंडी में सबसे ज्यादा परेशानी
मिली जानकारी के अनुसार मंडी जिले में पंडोह से हणोगी और औट के बीच का हिस्सा सबसे अधिक दिक्कतों वाला बना हुआ है। यहां फोरलेन निर्माण कार्य के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। इसके अलावा गलत तरीके से की जाने वाली ओवरटेकिंग भी जाम की एक प्रमुख वजह है।
पंडोह डैम से लेकर औट तक का पूरा यातायात पुराने नेशनल हाईवे से होकर गुजर रहा है, क्योंकि फोरलेन परियोजना की सुरंगों का काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। पुराने हाईवे पर कई ऐसे संकरे हिस्से हैं, जहां एक साथ दो वाहनों का निकलना मुमकिन नहीं होता।
10 किलोमीटर में जाम, 25 से ज्यादा जवान तैनात
पंडोह से औट के बीच करीब 10 किलोमीटर के दायरे में जाम की समस्या देखने को मिल रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंडी जिला पुलिस ने सदर थाना, पंडोह पुलिस चौकी, औट, क्यूआरटी और ट्रैफिक विंग सहित लाइन से 25 से अधिक जवानों को मोर्चे पर लगाया है।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि यातायात को सुचारू रखने के लिए 25 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एएसपी मंडी अभिमन्यू ने बताया कि रविवार को कुल्लू और मंडी के बीच 35000 से अधिक वाहनों की आवाजाही रही और कठिन परिस्थितियों में भी मंडी पुलिस दिन-रात जुटी हुई है। उन्होंने पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने और सकारात्मक सहयोग देने की अपील की।
मनाली में होटल फुल, नदी से लेकर बर्फ तक का लुत्फ
वीकेंड पर मनाली में सैलानियों का हुजूम उमड़ रहा है। बढ़ती भीड़ के चलते यहां होटलों की बुकिंग 100 फीसदी तक पहुंच चुकी है।
मनाली पहुंचे पर्यटक ब्यास नदी की ठंडी जलधारा में रिवर राफ्टिंग का जमकर आनंद उठाते दिख रहे हैं। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध रोहतांग दर्रा और बारालाचा पास में जून के महीने में भी बर्फ का दीदार कर रहे हैं। मनाली में सुबह और शाम के समय परेशानी ज्यादा रहती है, वहीं अटल टनल पर भी ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
पर्यटकों की जुबानी
पर्यटक आशीष ने कहा कि वे पहली बार हिमाचल घूमने आए हैं। उनके मुताबिक हिमाचल किसी जन्नत से कम नहीं है और यहां के हरे-भरे जंगल, झरने तथा पहाड़ देखकर मन मोहित हो जाता है।
घूमने आए अरुण कुमार ने बताया कि वे पहली बार अपने परिवार के साथ कुल्लू-मनाली पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यहां का मौसम बेहद सुहावना है और स्थानीय लोग भी काफी मिलनसार हैं।
खज्जियार-डलहौजी मार्ग पर भारी जाम
चंबा के खज्जियार और डलहौजी भी सैलानियों से गुलजार हैं। इन दोनों जगहों पर तापमान करीब 25 डिग्री है। हालांकि खज्जियार से डलहौजी के बीच 22 किलोमीटर लंबे मार्ग पर पर्यटकों को भारी जाम से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि सड़कें संकरी होने के कारण इस रास्ते पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। कई चालक सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे जाम और गंभीर हो जाता है।
सामान्य दिनों में खज्जियार से डलहौजी की दूरी 40 से 45 मिनट में तय हो जाती है, लेकिन पर्यटन सीजन में यही सफर कई बार तीन घंटे तक खिंच जाता है। स्थानीय लोगों, पर्यटकों और टैक्सी चालकों ने बताया कि पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं, फिर भी खज्जियार-डलहौजी मार्ग पर बार-बार लगने वाले जाम से लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
https://hindi.news18.com/photogallery/himachal-pradesh/manali-crowd-of-tourists-and-traffic-jam-in-shimla-and-manali-dalhousie-during-summer-season-local18-ws-l-10553345.html