हरियाणा के कुरुक्षेत्र अस्पताल में नर्सों को फटकार लगाने का मामला अब तूल पकड़ चुका है। महिला आयोग की चेयरमैन रेणु भाटिया द्वारा अस्पताल में नर्सों को खरी-खोटी सुनाए जाने के बाद प्रदेश भर के अस्पतालों की नर्सें दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल पर रहीं। उन्हें हटाने की मांग को लेकर जिला नागरिक अस्पताल की सभी स्टाफ नर्सें दो घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक पर चली गईं।
कैसे शुरू हुआ विवाद
मंगलवार को कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी हॉस्पिटल में महिला आयोग और नर्सिंग ऑफिसर के बीच टकराव हुआ था। बीते दिनों रेणु भाटिया अस्पताल पहुंची थीं और वहां मौजूद नर्सों को फटकार लगाई थी। इसके बाद अध्यक्ष रेणु भाटिया के खिलाफ नर्सिंग ऑफिसर इमरजेंसी के बाहर हड़ताल पर बैठ गईं।
नर्सों का पक्ष
प्रदर्शन कर रही नर्सों का कहना है कि हॉस्पिटल में नर्सिंग ऑफिसर की कोई गलती नहीं थी, फिर भी रेणु भाटिया ने उनके साथ गलत व्यवहार किया। नर्सों के मुताबिक इस व्यवहार से हरियाणा भर की नर्सिंग ऑफिसर आहत हुई हैं और उनके सम्मान को ठेस पहुंची है।
हड़ताल पर बैठीं नर्सिंग ऑफिसर ने मांग रखी कि रेणु भाटिया नर्सिंग ऑफिसर से माफी मांगें, वरना आंदोलन और तेज किया जाएगा।
माफी से साफ इनकार
चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने नर्सों की पेन डाउन स्ट्राइक और माफी की मांग पर दो टूक कहा कि वह माफी नहीं मांगेंगी। उनका कहना है कि अस्पताल में एक बच्ची के साथ हुई घिनौनी घटना बेहद गंभीर मामला है और उस दौरान नर्सों की मौजूदगी न होना कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि जो कार्रवाई की गई है, वह जरूरी थी और इसी के तहत तीन नर्सों को हटाने के आदेश भी दिए गए हैं। रेणु भाटिया ने यह भी कहा कि अगर ऐसी घटना किसी और के परिवार के साथ होती तो वे भी कार्रवाई की मांग करते। उन्होंने दोहराया कि माफी का कोई सवाल ही नहीं उठता।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, हाल ही में कुरुक्षेत्र के एलएनजी अस्पताल में एक सीनियर डॉक्टर ने नाबालिग मरीज से रेप किया था। आरोपी पहले भी इस मरीज के साथ दुराचार कर चुका है। इसी मामले में महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया मौके पर पहुंची थीं और नर्सों से सवाल किया था कि वे घटना के दौरान मौके पर क्यों नहीं थीं और उन्होंने बेटी को अकेले डॉक्टर के पास क्यों रहने दिया। इसी दौरान उन्होंने नर्सों को जमकर फटकार लगाई थी।
https://hindi.news18.com/news/haryana/kurukshetra-nurses-strike-against-women-commission-chairmen-renu-bhatia-refusal-to-apologize-ws-l-10553146.html