कई बार एक मामूली शौक जब जुनून बन जाता है, तो वही किसी साधारण व्यक्ति को खास बना देता है। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के विपिन सिंह ने अपनी लगन और कड़ी मेहनत से ऐसा ही कर दिखाया है। आम के पौधों से उनके गहरे लगाव ने उन्हें पूरे क्षेत्र में 'मैंगो मैन' के नाम से मशहूर कर दिया है।
75 डिसमिल जमीन पर अनोखा बगीचा
रामपुर नैकिन क्षेत्र के गोपालपुर गांव में रहने वाले विपिन सिंह ने 75 डिसमिल जमीन पर एक ऐसा आम का बगीचा खड़ा किया है, जो अपने आप में बेमिसाल है। इस बगीचे में करीब 110 आम के पेड़ हैं, जो लगभग 50 अलग-अलग किस्मों के हैं। खास बात यह है कि इनमें से 15 किस्में अंतरराष्ट्रीय स्तर की भी हैं।
बचपन के शौक ने बनाया जुनून
विपिन सिंह बताते हैं कि आम के पेड़ लगाने का गहरा शौक उन्हें बचपन से ही रहा है। इसी लगन ने उन्हें देशभर की उन कई कृषि और बागवानी विश्वविद्यालयों तक पहुंचाया, जहां आम पर शोध किया जाता है। वहां से उन्होंने अलग-अलग किस्मों के पौधे और कलमें इकट्ठा कीं और अपने बगीचे को एक निराला रूप दे दिया।
एक पेड़ पर 25 किस्म के आम
विपिन सिंह का सबसे बड़ा प्रयोग एक ही पेड़ पर 25 किस्म के आम उगाना रहा है। यह सफलता उन्होंने ग्राफ्टिंग और क्रॉस ब्रीडिंग तकनीक के सहारे हासिल की। उनके बगीचे में एक ही पेड़ पर सुंदरजा, दशहरी, लंगड़ा, चौसा और मालदा जैसी कई लोकप्रिय किस्मों के आम एक साथ लहलहा रहे हैं।
https://hindi.news18.com/videos/business/success-story-mango-man-sidhi-farmer-success-story-25-varieties-mango-on-one-tree-local18-10551556.html