'डॉन 3' के विवाद के बीच तन्मय भट्ट का तंज, वरुण धवन से बोले- 'आप जैसे एक्टर की फरहान को तलाश है'

फरहान अख्तर और रणवीर सिंह के बीच चल रहे 'डॉन 3' विवाद के बीच कॉमेडियन तन्मय भट्ट ने एक इवेंट में वरुण धवन से बातचीत के दौरान बिना नाम लिए रणवीर सिंह पर चुटकी ली, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बॉलीवुड के गलियारों में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा ‘डॉन 3’ को लेकर हो रही है। रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच का यह विवाद बढ़ते-बढ़ते FWICE तक जा पहुंचा है। इसी बीच अब कॉमेडियन तन्मय भट्ट ने भी अपने अंदाज में रणवीर सिंह पर निशाना साधा है। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान तन्मय ने वरुण धवन से बातचीत करते हुए, बिना किसी का नाम लिए, ‘डॉन 3’ छोड़ चुके अभिनेता पर चुटकी ली। यूट्यूब पर दोनों की इस बातचीत का वीडियो खूब वायरल हो रहा है।

तन्मय भट्ट ने कसा तंज

तन्मय भट्ट ने अपने सिग्नेचर स्टाइल में वरुण धवन से बात करते हुए परोक्ष रूप से रणवीर सिंह पर तंज कसा। उन्होंने कहा, ‘वरुण, आपके साथ जिसने भी काम किया है, वे सभी यही कहते हैं कि इतना बड़ा स्टार होने के बावजूद आप बेहद जमीन से जुड़े हुए हैं। आप बहुत जिम्मेदार हैं। आप प्रोफेशनल, कमिटेड और भरोसेमंद एक्टर हैं। आप बिल्कुल वैसे ही कलाकार हैं, जिसकी तलाश फरहान अख्तर को है।’

सोशल मीडिया पर जुड़ी रणवीर से बात

कॉमेडियन का यह पंच सुनकर वहां मौजूद हर किसी की हंसी छूट गई। भले ही तन्मय ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी इन बातों को रणवीर सिंह से जोड़ा जा रहा है। नेटिजेंस इसे सीधे तौर पर रणवीर पर कसा गया तंज मान रहे हैं।

तीन साल पहले हुआ था ऐलान

साल 2023 में फरहान अख्तर ने रणवीर सिंह के साथ ‘डॉन 3’ का ऐलान किया था। इस घोषणा ने फिल्म इंडस्ट्री में हर किसी का उत्साह बढ़ा दिया था। हालांकि कई साल तक फिल्म को लेकर कोई बड़ी जानकारी सामने नहीं आई, और अब खुलासा हुआ कि रणवीर ने यह फिल्म छोड़ दी है।

45 करोड़ के भुगतान की मांग

फरहान अख्तर और एक्सेल प्रोडक्शन्स का कहना है कि रणवीर सिंह ने फिल्म की शूटिंग शुरू होने से महज 3 हफ्ते पहले इसे छोड़ दिया, जिसके चलते उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। मेकर्स ने रणवीर से 45 करोड़ रुपये के भुगतान की मांग की, जिसे चुकाने से अभिनेता ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद से ही यह मामला और तूल पकड़ता गया।

https://hindi.news18.com/news/entertainment/bollywood-tanmay-bhatt-supposedly-takes-dig-at-ranveer-singh-mocks-actor-calls-varun-dhawan-professional-ws-l-10552878.html