साल 2024 में ईशा देओल और भरत तख्तानी ने एक-दूसरे से अलग होने का निर्णय लिया था और दोनों ने अपने तलाक की जानकारी सबके सामने रखी थी। हालांकि इस अलगाव के बाद भी दोनों के बीच कोई कड़वाहट नहीं आई और आज भी वे एक मजबूत रिश्ते से जुड़े हुए हैं। कठिन घड़ियों में दोनों एक-दूसरे का साथ निभाते हैं और हर खास मौके को मिलकर मनाना पसंद करते हैं। खुद ईशा देओल ने अपने इस रिश्ते पर बात करते हुए बताया कि आज भी दोनों के बीच एक-दूसरे के लिए सम्मान बरकरार है। उन्होंने यह भी कहा कि एक टीम की तरह काम करते हुए वे अपनी दोनों बेटियों राध्या और मिराया की परवरिश कर रहे हैं।
ईशा और भरत कैसे निभा रहे हैं को-पेरेंटिंग
बॉम्बे टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में ईशा देओल ने बताया कि भरत से तलाक के बाद भी उनकी जिंदगी में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया। उनका मानना है कि परवरिश एक साझा जिम्मेदारी है और को-पेरेंटिंग ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। दोनों ही अपने बच्चों की भलाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। ईशा ने कहा, 'मैं यह कहना चाहती हूं कि भले ही मैं सिंगल हूं, लेकिन मैं सिंगल मदर नहीं हूं। भगवान की कृपा से भरत और मैं एक टीम की तरह हैं और हम मिलकर को-पेरेंटिंग कर रहे हैं। हम एक परिवार हैं और हमारे लिए हमेशा बच्चे ही सबसे पहले हैं। हम उन्हें प्यार और देखभाल देंगे और उनकी जिंदगी के मजबूत स्तंभ बनेंगे। हम इस दिशा में पूरी तरह तत्पर हैं।'
बदल चुकी हैं प्राथमिकताएं
ईशा देओल ने यह भी साझा किया कि इन दिनों उनका पूरा ध्यान अपने करियर पर है और वे जल्द ही हॉरर कॉमेडी फिल्म 'घूंघट' में दिखाई देंगी। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि मातृत्व ने उनकी प्राथमिकताओं को किस तरह बदल दिया है। अब वे अपने प्रोजेक्ट्स और फिल्मों के चुनाव को लेकर काफी सतर्क हो गई हैं। उन्होंने कहा, 'एक मां के तौर पर यह स्वाभाविक है कि आपकी प्राथमिकताएं बदल जाती हैं। मैं अपने बच्चों के साथ रहना चाहती हूं और उनकी परवरिश में सक्रिय रूप से शामिल होना चाहती हूं।'
भरत और ईशा के रिश्ते की कहानी
बता दें कि धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बेटी ईशा देओल ने साल 2012 में भरत तख्तानी से विवाह किया था। साल 2017 में ईशा पहली बार बेटी राध्या की मां बनीं और साल 2019 में उन्होंने बेटी मिराया को जन्म दिया। ईशा और भरत बचपन के दोस्त रहे हैं और दोनों ने साथ में पढ़ाई भी की थी। 11 साल के वैवाहिक जीवन के बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया और एक संयुक्त बयान के जरिए इसकी जानकारी सबके साथ साझा की थी।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/esha-deol-relationship-remains-intact-even-after-divorce-from-bharat-takhtani-says-i-am-not-single-mother-we-are-family-team-2026-06-09-1223896