भोजपुरी के इकलौते सुपरस्टार जो श्रीदेवी संग थिरके थे, अब निभाएंगे उनकी बेटी जाह्नवी संग पर्दा

भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार रवि किशन ने कभी फिल्म 'आर्मी' में श्रीदेवी के साथ डांस किया था और अब वे उनकी बेटी जाह्नवी कपूर के साथ फिल्म 'पेड्डी' में नजर आएंगे।

एक दौर था जब भोजपुरी सिनेमा अपने फूहड़ और अश्लील गानों की वजह से आलोचना का शिकार रहता था। हालांकि बीते कुछ अरसे से इंडस्ट्री के गीतों की भाषा में सलीका लौटा है और इसके सितारों का रुतबा भी लगातार ऊपर उठ रहा है। आज भोजपुरी कलाकारों को बॉलीवुड की फिल्मों में भी अहम भूमिकाएं मिल रही हैं। इन्हीं में एक नाम ऐसा है जिसने हिंदी सिनेमा में अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाया है। दिलचस्प बात यह है कि अपने जमाने की मशहूर हीरोइन के साथ पर्दे पर थिरक चुका यह अभिनेता अब उन्हीं की बेटी के साथ फिल्म में दिखाई देने वाला है। यह सितारा कोई और नहीं, बल्कि रवि किशन हैं, जो अपनी आने वाली फिल्म 'पेड्डी' में जाह्नवी कपूर के साथ स्क्रीन साझा करेंगे। खास बात यह है कि रवि किशन पहले जाह्नवी की मां और दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी के साथ भी डांस कर चुके हैं।

श्रीदेवी के साथ साझा कर चुके हैं पर्दा

रवि किशन भोजपुरी सिनेमा के स्थापित सुपरस्टार हैं और अब तक बॉलीवुड के साथ-साथ साउथ इंडस्ट्री की दर्जनों सुपरहिट फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं। भोजपुरी सिनेमा में आने से पहले ही उन्होंने हिंदी फिल्मों में अपनी पहचान बना ली थी। लेकिन बहुत कम लोगों को पता है कि उन्होंने साल 1996 में रिलीज हुई फिल्म 'आर्मी' में भी काम किया था। इस फिल्म में श्रीदेवी ने शाहरुख खान के साथ मुख्य भूमिका निभाई थी और एक दृश्य में रवि किशन ने श्रीदेवी के संग डांस भी किया था। उस सीन की तस्वीरें आज भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल होती रहती हैं। इस फिल्म का निर्देशन राम शेट्टी ने किया था जबकि इसकी कहानी अनीस बज्मी ने लिखी थी। कहानी एक बहादुर फौजी अफसर की है, जिसकी हत्या एक गैंगस्टर कर देता है। हाल ही में शादी के बंधन में बंधे इस सिपाही की मौत के बाद उसकी पत्नी पति की हत्या का बदला लेने की ठान लेती है और कुछ लोगों की एक टोली बनाकर अपना बदला पूरा करती है।

अब बेटी के साथ निभा रहे भूमिका

करीब तीन दशक के बाद रवि किशन अब जाह्नवी कपूर के साथ 'पेड्डी' में नजर आने वाले हैं, जो उनके करियर का एक अहम पड़ाव माना जा रहा है। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राम चरण मुख्य भूमिका में हैं, जबकि जाह्नवी कपूर मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में बोमन ईरानी, शिव राजकुमार, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू भी अहम किरदारों में दिखेंगे। वेंकट सतीश किलारू द्वारा निर्मित यह फिल्म 4 जून, 2026 को रिलीज होने वाली है। श्रीदेवी की बात करें तो फरवरी 2018 में दुबई में एक दर्दनाक हादसे में उनका निधन हो गया था। यह घटना जाह्नवी के 'धड़क' से बॉलीवुड डेब्यू करने से महज कुछ सप्ताह पहले हुई थी।

https://www.indiatv.in/entertainment/bhojpuri/bhojpuri-only-superstar-who-once-danced-with-a-bollywood-superstar-heroine-will-now-dance-with-his-daughter-too-2026-05-30-1221960