पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर ED की छापेमारी, केजरीवाल ने कहा- 'घबराएं नहीं, मिलकर मुकाबला करेंगे'

मोबाइल फोन बिक्री से जुड़े 100 करोड़ रुपये के जीएसटी फर्जीवाड़े के धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े करीब 6 ठिकानों पर छापेमारी की। अरविंद केजरीवाल ने इसे हिंदू व्यापारियों को परेशान करने की कार्रवाई बताते हुए व्यापारियों से न घबराने की अपील की।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम मंगलवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी के नेता और मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मोबाइल फोन की बिक्री से संबंधित 100 करोड़ रुपये के जीएसटी धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में अरोड़ा और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ नए सिरे से यह कार्रवाई शुरू की गई है। एजेंसी के अधिकारियों के मुताबिक पंजाब के जालंधर और लुधियाना के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के बरेली और दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में करीब 6 परिसरों पर एक साथ तलाशी ली जा रही है।

PMLA के तहत चल रही जांच

यह छापेमारी 'प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट' के अंतर्गत चल रही जांच का हिस्सा है। जिन स्थानों पर तलाशी की जा रही है, उनमें हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े मामले में जांच के घेरे में आए व्यक्तियों और संस्थाओं के आवासीय परिसर के साथ-साथ कारोबारी दफ्तर भी शामिल हैं।

केजरीवाल की प्रतिक्रिया

इस कार्रवाई पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी जानबूझकर व्यापारियों को निशाना बना रही है।

'ईडी आज फिर पंजाब के हिंदू व्यापारियों पर रेड कर रही है। ईडी पंजाब के छोटे-छोटे हिंदू व्यापारियों को तंग कर रही है। मेरी सभी व्यापारियों से अपील है। घबराने की कोई बात नहीं है। पूरा पंजाब और पंजाब सरकार आपके साथ है, हम सब मिलकर ED पार्टी का मुकाबला करेंगे।'

न्यायिक हिरासत में हैं अरोड़ा

उल्लेखनीय है कि 62 वर्षीय संजीव अरोड़ा को पिछले महीने केंद्रीय एजेंसी ने गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी चंडीगढ़ स्थित उनके आधिकारिक आवास पर दिनभर चली तलाशी के बाद की गई थी। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में हैं।

अरोड़ा के पास थे ये विभाग

संजीव अरोड़ा पंजाब सरकार में विद्युत, उद्योग और वाणिज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने उनके अधीन आने वाले विभागों को अन्य मंत्रियों को सौंप दिया था।

https://www.indiatv.in/punjab/ed-raids-6-locations-linked-punjab-minister-sanjeev-arora-kejriwal-says-no-need-to-panic-we-will-fight-it-2026-06-09-1223897