हरियाणा के नूंह जिले में शादी समारोहों के दौरान वाहनों पर खतरनाक स्टंट और हुड़दंगबाजी पर पुलिस ने सख्ती दिखाई है। नगीना थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए दूल्हे सहित चार थार गाड़ियों के चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हैरानी की बात यह रही कि सुहागरात के ठीक अगले दिन ही दूल्हा पुलिस की गिरफ्त में आ गया और सीधे हवालात पहुँच गया। पुलिस अब उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में जुटी है।
कैसे सामने आया मामला
नगीना थाना प्रभारी और प्रशिक्षु डीएसपी अभिषेक के अनुसार, 7 जून को थाना नगीना में तैनात उपनिरीक्षक यशपाल कानून-व्यवस्था ड्यूटी और गश्त के दौरान गांव मांडिखेड़ा में मौजूद थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक वीडियो क्लिप पहुंची। पड़ताल में पता चला कि गांव नाई नगला निवासी आकिब, पुत्र उमर मोहम्मद की बारात गांव चंदेनी की ओर जा रही थी।
वीडियो में कुछ युवक थार गाड़ियों की छतों पर खड़े और बैठे नजर आए और वाहन तेज रफ्तार व लापरवाही के साथ चलाए जा रहे थे। फुटेज में दिख रही थार गाड़ियों के नंबर भी सामने आ गए। चालक युवकों को छतों पर बैठाकर और खड़ा करके गाड़ी चला रहे थे, जिससे उनकी और आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही थी।
‘निकाह बार-बार नहीं होता’
सूचना मिलते ही पुलिस गांव नाई नगला पहुंची, लेकिन तब तक बारात गांव चंदेनी के लिए रवाना हो चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि दूल्हे आकिब ने कहा था कि थार गाड़ियों की छतों पर चढ़कर ही जाना है, क्योंकि निकाह बार-बार नहीं होता। शुरुआती जांच में अपराध की पुष्टि होने पर दूल्हे आकिब और संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई
डीएसपी अभिषेक ने बताया कि दूल्हे आकिब को हिरासत में लेकर अदालत में पेश करने और रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए जानकारी मिलते ही इस पर संज्ञान लिया गया। एसपी ऐसे मामलों को लेकर पहले से ही गंभीर थे और उन्हीं के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। फरार वाहन चालकों की तलाश जारी है।
पुलिस ने साफ किया है कि भविष्य में भी अगर कोई इस तरह वाहनों पर स्टंट करता पाया गया तो उसके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हो चुकी है ऐसी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि बारात के दौरान थार गाड़ियों पर चढ़कर की गई हुड़दंगबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके सामने आते ही पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कदम उठाया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले तावडू सदर थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है।
लगातार दूसरी बार हुई इस कार्रवाई से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शादी समारोहों या अन्य आयोजनों के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी, वाहनों पर खतरनाक स्टंट और हुड़दंगबाजी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी व दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है।
https://hindi.news18.com/news/haryana/mewat-dangerous-stunt-on-thar-in-nuh-groom-arrested-after-suhagraat-local18-ws-l-10552475.html