बिहार: जदयू सांसद अजय मंडल के दफ्तर में सेंधमारी, चोर सीसीटीवी डीवीआर और अहम कागजात ले उड़े

भागलपुर में जदयू सांसद अजय कुमार मंडल के कार्यालय का ताला तोड़कर चोरों ने सीसीटीवी का डीवीआर, कंप्यूटर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज चुरा लिए। चोरी में बॉडीगार्ड की पिस्टल भी गायब है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बिहार: भागलपुर में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए जदयू सांसद अजय कुमार मंडल के कार्यालय को ही अपना निशाना बना लिया। शातिर चोर दफ्तर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और सीसीटीवी की डीवीआर के साथ-साथ कई अहम दस्तावेज भी समेट ले गए। यह पूरा मामला तिलकामांझी थाना क्षेत्र में स्थित सांसद के कार्यालय से जुड़ा है, जहां चोर ताला तोड़कर भीतर घुसे और कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

दफ्तर से क्या-क्या उड़ा ले गए चोर

सांसद कार्यालय के सचिव गौरव कुमार के मुताबिक रविवार को छुट्टी होने के कारण दफ्तर बंद था। सोमवार की सुबह जब वे कार्यालय पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कार्यालय में रखी आलमारी, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, कंप्यूटर और कई जरूरी दस्तावेज नदारद थे। दफ्तर का बाकी सामान भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था।

बॉडीगार्ड की पिस्टल भी गायब

सांसद की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि चोर मेन गेट का ताला तोड़कर भीतर पहुंचे और कई अहम कागजात अपने साथ ले गए। इतना ही नहीं, चोरों ने उनके बॉडीगार्ड की पिस्टल तक चुरा ली। कार्यालय से कई सामान गायब बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि अजय मंडल जब भागलपुर में होते हैं तो यही दफ्तर उनका ठिकाना रहता है, अन्यथा अमूमन यह कार्यालय सह आवास बंद ही रहता है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना तत्काल तिलकामांझी थाने को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू कर दी। चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के इलाकों से जानकारी जुटा रही है। एक सांसद के कार्यालय में हुई इस सेंधमारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि चोर आखिर कौन-कौन से महत्वपूर्ण दस्तावेज उठा ले गए हैं।

https://www.indiatv.in/bihar/theft-at-bhagalpur-jdu-mp-ajay-mandal-office-thieves-carry-important-documents-and-cctv-2026-06-09-1223868