फुटबॉल मैच में जीत का जश्न फ्रांस की राजधानी पेरिस में हिंसक रूप ले बैठा। चैंपियंस लीग के खिताबी मुकाबले में पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) की जीत के बाद शहर में समर्थकों का उत्साह बेकाबू हो गया और कई जगहों पर जमकर बवाल हुआ। फैंस ने दुकानों में तोड़फोड़ की और आगजनी को अंजाम दिया। इस उपद्रव के सिलसिले में पुलिस ने 45 लोगों को हिरासत में लिया है। यह हंगामा PSG के आर्सेनल को हराने के बाद देखने को मिला।
समर्थकों और पुलिस के बीच टकराव
बीते शनिवार को पुस्कास एरिना में खेले गए चैंपियंस लीग के फाइनल मुकाबले में पेरिस सेंट-जर्मेन की जीत दर्ज होते ही पेरिस की सड़कों पर PSG समर्थक और पुलिस आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच हुई झड़प के बाद पेरिस पुलिस ने दर्जनों उपद्रवियों को गिरफ्तार किया।
पहले से तैनात थे करीब 22 हजार पुलिसकर्मी
इस अहम मुकाबले को देखते हुए पूरे फ्रांस में करीब 22 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, जिनमें से अकेले 8 हजार जवान पेरिस में मौजूद थे। हालात काबू में रखने के लिए फिलहाल पेरिस की ट्राम लाइनों को रोक दिया गया है, कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं और कुछ इलाकों में बस सेवा भी ठप पड़ी है।
चैंप्स-एलिसी एवेन्यू पर जुटे थे 20 हजार लोग
पेरिस पुलिस के अनुसार कुल 79 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 45 को गिरफ्तार कर लिया गया है। हंगामे के दौरान 6 गाड़ियां और दो व्यावसायिक प्रतिष्ठान क्षतिग्रस्त हुए, वहीं एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गया। दरअसल पेनल्टी शूटआउट में मिली रोमांचक जीत का जश्न मनाने के लिए शहर के मशहूर चैंप्स-एलिसी एवेन्यू पर करीब 20 हजार लोग इकट्ठा हो गए थे।
बुडापेस्ट की जीत पर गूंजी पेरिस में आतिशबाजी
शनिवार को पुलिस ने 2 दर्जन फ्लेयर्स और लगभग 100 पटाखे जब्त किए, जबकि चैंप्स-एलिसी एवेन्यू के पास एक बस स्टॉप को तोड़ दिया गया। बुडापेस्ट में PSG की जीत के बाद पूरे पेरिस में आतिशबाजी की गूंज सुनाई देती रही।
स्टेडियम के पास बेकरी और रेस्तरां में तोड़फोड़
पेरिस पुलिस ने बताया कि PSG के पार्क डेस प्रिंसेस स्टेडियम के नजदीक एक बेकरी और एक रेस्तरां में तोड़फोड़ की गई, जहां हजारों लोग अंदर बैठकर मैच देख रहे थे। इस दौरान 4-5 हजार लोग बाहर जमा थे और उन्होंने पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
किराए की साइकिलों से खड़ा किया बैरिकेड
एक पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, करीब 150 लोगों ने स्टेडियम के एक गेट से अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें पीछे धकेल दिया। कुछ लोगों ने किराए की साइकिलों से बैरिकेड बनाने का प्रयास भी किया, जिसे पुलिस ने हटा दिया।
https://www.indiatv.in/world/europe/psg-champions-league-win-celebrations-turn-violent-in-paris-45-arrest-after-clashes-vandalism-2026-05-31-1222045