रफ्तार पकड़ रहा मॉनसून, इन राज्यों में होगी जोरदार बारिश; जानें दिल्ली-NCR, यूपी और बिहार के मौसम का हाल

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 2 से 3 दिनों में कई राज्यों में झमाझम बारिश के आसार हैं। हालांकि दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी यूपी समेत कुछ इलाकों को अभी गर्मी से पूरी राहत मिलने की संभावना कम है।

देश के बड़े हिस्से में इस समय भीषण गर्मी का दौर जारी है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों के लोग चिलचिलाती धूप और उमस से बेहाल हैं और हर किसी को मॉनसून का बेसब्री से इंतजार है। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राहत भरी जानकारी दी है। विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून इस बार तेज गति से आगे बढ़ रहा है। 8 जून (सोमवार) को मॉनसून ने पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना के कुछ और हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके चलते देश के कई भागों में अगले 2 से 3 दिनों के भीतर बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 2 से 3 दिनों में मॉनसून के महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के बचे हुए हिस्सों की ओर बढ़ने के लिए मौसमी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

इन राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

अगले 48 से 72 घंटों के दौरान कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। कुछ जगहों पर बारिश बेहद तेज हो सकती है और कई स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है।

पूर्वोत्तर भारत में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा

मौसम विभाग ने असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के लिए अगले 2 से 3 दिनों के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस अवधि में कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की आशंका बनी रह सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी संभव

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मॉनसून के पहुंचने की कोई उम्मीद नहीं है। दिन के समय तेज धूप के कारण लोग गर्मी से परेशान हैं और राजधानी का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम तंत्र के असर से दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है, मगर गर्मी और उमस से पूरी तरह राहत मिलने के आसार अभी कम हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।

उत्तर प्रदेश में कब मिलेगी गर्मी से राहत?

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और तराई इलाकों में मौसम का रुख बदलने के संकेत हैं। अगले 2 से 3 दिनों में पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दूसरी ओर पश्चिमी यूपी में गर्मी और उमस का दौर बरकरार रहेगा। राज्य में मॉनसून के मध्य जून तक दस्तक देने की उम्मीद जताई गई है।

बिहार के कई जिलों में बारिश के आसार

बिहार में बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के चलते अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है। उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, वहीं कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके असर से तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

https://www.indiatv.in/india/national/monsoon-update-2026-heavy-rainfall-imd-alert-aaj-ka-mausam-delhi-ncr-up-bihar-weather-forecast-2026-06-09-1223861