अमेरिका में बिना किसी कानूनी मंजूरी के रह रहे करीब 30 भारतीय नागरिकों को एक संघीय कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिया गया है। ये सभी लोग अमेरिका के अलग-अलग इलाकों में कमर्शियल ट्रक चालक के रूप में काम कर रहे थे। अधिकारियों के अनुसार इन्हें जल्द ही अमेरिका से बाहर भेज दिया जाएगा।
अभियान में कुल 52 लोग पकड़े गए
अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा (CBP) ने सोमवार को जारी एक बयान में बताया कि एरिजोना के युमा सेक्टर में तैनात सीमा गश्त एजेंटों ने 11 से 15 मई के बीच 'ऑपरेशन चेकमेट' के तहत अवैध रूप से रह रहे 52 लोगों को पकड़ा। इनमें से 36 लोग ट्रक चलाते हुए मिले। पकड़े गए इन अवैध ट्रक चालकों में 30 भारत के नागरिक हैं, जबकि शेष 6 लोग मेक्सिको, अल सल्वाडोर और रूस से ताल्लुक रखते हैं।
कई के पास ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं
अधिकारियों ने जानकारी दी कि हिरासत में लिए गए लोगों के पास कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, वाशिंगटन और वर्जीनिया जैसे राज्यों के कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस मिले, जबकि कुछ के पास किसी भी प्रकार का ड्राइविंग लाइसेंस ही नहीं था। इनमें से ज्यादातर लोगों के पास ऐसे रोजगार प्राधिकरण दस्तावेज थे, जो अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के नेतृत्व वाले प्रशासन के समय हासिल किए गए थे और अब मान्य नहीं हैं। इन सभी के खिलाफ संघीय कानून के तहत कार्रवाई की गई है और अब इन्हें निर्वासित किया जाएगा।
सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम
ऑपरेशन चेकमेट का मकसद देश में अवैध रूप से रहकर कमर्शियल मोटर वाहन चला रहे लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ना और आव्रजन कानूनों को लागू कर सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करना है। अमेरिकी सीमा गश्त के युमा सेक्टर के कार्यवाहक मुख्य गश्त एजेंट डस्टिन कॉडल ने कहा, 'ऑपरेशन चेकमेट हमारी इस प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि हम समुदायों और सड़कों को ऐसे चालकों से सुरक्षित रखें, जो गैरकानूनी रूप से रहते हुए वाहन चलाते हैं और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनते हैं।'
ट्रक चालकों को लेकर ट्रंप प्रशासन का नया नियम
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन के अंतर्गत परिवहन विभाग ने एक आदेश जारी कर अयोग्य विदेशी चालकों को कमर्शियल ट्रक और बस चलाने के लिए लाइसेंस हासिल करने से रोकने की व्यवस्था की है। पिछले कुछ महीनों में अमेरिका में कमर्शियल वाहन चलाते वक्त घातक हादसों के आरोप में भारतीय मूल के ट्रक चालकों की गिरफ्तारी और उन पर आरोप तय किए जाने के कई मामले सामने आए हैं।
https://www.indiatv.in/world/us/30-indians-living-and-working-illegally-in-us-as-truck-drivers-arrested-deported-shortly-2026-06-02-1222458