उमर अब्दुल्ला की INDIA गठबंधन से अपील, जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिलाने के लिए मांगा साथ

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इंडिया गठबंधन के नेताओं से पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल कराने की मुहिम और दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।

केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इंडिया गठबंधन के सामने एक अहम मांग रखी है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस की ओर से प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में गठबंधन के दलों के नेताओं से शामिल होने और इस मांग को समर्थन देने का आग्रह किया है।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को दिल्ली में INDIA अलायंस की बैठक हुई थी, जिसमें मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हिस्सा लिया था। इसी मंच पर उन्होंने अपनी पार्टी की मुहिम को सामने रखा।

प्रदर्शन में शामिल होने का न्योता

नेशनल कॉन्फ्रेंस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इंडिया गठबंधन की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राजनीतिक दलों को अपने प्रदर्शन में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बैठक में जम्मू-कश्मीर के लिए पूर्ण राज्य की मांग का मुद्दा उठाया और पार्टी द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा साझा की।

उमर अब्दुल्ला ने विपक्षी दलों के नेताओं से अपील की कि जब वे दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंचें, तो इस मुहिम का हिस्सा बनें और साथ दें।

दिल्ली में होगा प्रदर्शन

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला लंबे समय से जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग करते आ रहे हैं। उनकी पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस ने इस मांग को लेकर अपने राजनीतिक अभियान को और धार देने का ऐलान किया है।

इसी कड़ी में नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक आगामी मानसून सत्र के पहले दिन नई दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान वे जम्मू-कश्मीर को तुरंत राज्य का दर्जा बहाल करने और इसकी संवैधानिक गारंटी देने की मांग रखेंगे।

क्या है पूरा विवाद?

साल 2019 के अगस्त महीने में जम्मू और कश्मीर का पुनर्गठन किया गया था। इसके तहत जम्मू और कश्मीर का विभाजन कर इसे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख नामक दो केंद्रशासित प्रदेशों में बांट दिया गया था।

यह फैसला 31 अक्टूबर 2019 से आधिकारिक रूप से लागू हुआ था। इसके साथ ही भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को भी निरस्त कर दिया था।

https://www.indiatv.in/jammu-and-kashmir/cm-omar-abdullah-demands-india-alliance-support-in-protest-for-statehood-for-jammu-and-kashmir-2026-06-08-1223840