बिना ओवन और मैदे के 10 मिनट में तैयार करें कड़ाही पिज्जा, नोट करें यह सरल रेसिपी

ओवन और मैदा के बिना सूजी या गेहूं के आटे से बनने वाला कड़ाही पिज्जा सिर्फ 10 मिनट में तैयार हो जाता है। यह हेल्दी स्नैक स्वाद में रेस्टोरेंट पिज्जा को टक्कर देता है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है।

वीकेंड आते ही ज्यादातर लोगों का मन पिज्जा खाने का करता है और इसके लिए अक्सर रेस्टोरेंट का रुख करना पड़ता है। हर उम्र के लोगों की पसंदीदा इस डिश को देखकर लगता है कि घर पर इसे बनाना मुश्किल काम है, लेकिन हकीकत इसके उलट है। घर पर पिज्जा बनाने की बात आते ही सबसे पहले ओवन की जरूरत महसूस होती है, मगर अगर आपके पास ओवन नहीं है तो भी आप टेस्टी और हेल्दी पिज्जा आसानी से बना सकते हैं।

सूजी या गेहूं के आटे से तैयार होने वाला कड़ाही पिज्जा महज 10 मिनट में बनकर तैयार हो जाता है और इसका स्वाद भी किसी रेस्टोरेंट पिज्जा से कम नहीं लगता। जो लोग मैदा से परहेज करना चाहते हैं, उनके लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है।

कड़ाही पिज्जा के लिए जरूरी सामग्री

इस हेल्दी पिज्जा को बनाने के लिए आपको 1 कप सूजी या गेहूं का आटा, आधा कप दही, 1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर, स्वादानुसार नमक, 1 छोटा बारीक कटा हुआ प्याज, 1 छोटा टमाटर, शिमला मिर्च, कॉर्न, 2-3 चम्मच पिज्जा सॉस और आधा कप कद्दूकस किया हुआ चीज चाहिए होगा।

आप चाहें तो अपनी पसंद की दूसरी सब्जियां भी इसमें शामिल कर सकते हैं, जिससे न सिर्फ स्वाद बढ़ेगा बल्कि पिज्जा पोषक तत्वों से भी भरपूर हो जाएगा।

इस तरह बनाएं कड़ाही पिज्जा

सबसे पहले एक बाउल में सूजी या गेहूं का आटा लें और उसमें दही, नमक तथा बेकिंग पाउडर डालकर मिलाएं। जरूरत के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा बैटर तैयार करें। इस बैटर को 5 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए। ऐसा करने से पिज्जा का बेस नरम और स्वादिष्ट बनेगा।

इसके बाद एक नॉन-स्टिक पैन या कड़ाही को हल्का गर्म करें और उसमें थोड़ा तेल लगाएं। तैयार बैटर को पैन में फैलाकर गोल आकार दे दें। अब इसके ऊपर पिज्जा सॉस लगाएं और प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च तथा कॉर्न जैसी सब्जियां डालें। सबसे ऊपर चीज छिड़क दें। अब कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर 8 से 10 मिनट तक पकने दें।

जब चीज पूरी तरह पिघल जाए और बेस नीचे से हल्का सुनहरा दिखने लगे, तो समझ लीजिए कि आपका कड़ाही पिज्जा तैयार है। इसे सावधानी से निकालें और अपनी मनपसंद सॉस के साथ परोसें। इसका कुरकुरा बेस और चीजी टॉपिंग बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी खूब भाएगी।

क्यों है यह बेहतर विकल्प

कम समय में कुछ स्वादिष्ट और हेल्दी बनाने की चाह रखने वालों के लिए यह कड़ाही पिज्जा शानदार विकल्प है। इसमें मैदे की जगह सूजी या गेहूं के आटे का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे यह और भी पौष्टिक बन जाता है।

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-simple-recipe-to-make-kadai-pizza-in-just-10-minutes-without-oven-ghar-par-pizza-kaise-banaen-10551849.html