अगर रोज़ाना की वही सब्ज़ियां खाकर मन भर गया है और आप कुछ चटपटा और प्रोटीन से भरपूर खाना चाहते हैं, तो अंडा करी इसके लिए शानदार विकल्प है। मसालों की महक से सजी गाढ़ी ग्रेवी में डूबे उबले अंडों का स्वाद ऐसा होता है कि बच्चे हों या बड़े, हर कोई बड़े चाव से खाता है। सबसे अच्छी बात यह है कि सही मसालों और सही तरीके से तैयार की गई अंडा करी का स्वाद किसी रेस्टोरेंट की डिश से कम नहीं लगता। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान और स्वादिष्ट तरीका।
अंडा करी बनाने के लिए ज़रूरी सामग्री
- 6 उबले हुए अंडे
- 2 बड़े प्याज (बारीक कटे हुए)
- 2 टमाटर (पिसे हुए)
- 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 2 हरी मिर्च
- 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- ½ छोटा चम्मच गरम मसाला
- नमक स्वादानुसार
- 2 बड़े चम्मच तेल
- हरा धनिया सजावट के लिए
अंडा करी बनाने की विधि
सबसे पहले उबले अंडों पर हल्के-हल्के कट लगाएं और थोड़ा तेल डालकर उन्हें हल्का सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें कटे प्याज डालकर सुनहरे भूरे होने तक भूनें। अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ मिनट तक पकने दें।
इसके बाद टमाटर की प्यूरी डालें और उसमें हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक मिला दें। मसाले को तब तक भूनें जब तक तेल किनारे से अलग न होने लगे। अब ज़रूरत के अनुसार पानी डालकर ग्रेवी तैयार करें और इसमें भुने हुए अंडे डाल दें।
अब इस करी को धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक पकने दें ताकि अंडों के अंदर मसालों का स्वाद अच्छी तरह समा जाए। आखिर में ऊपर से गरम मसाला और हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें।
तैयार है गर्मागर्म अंडा करी। इसे रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसें और लाजवाब स्वाद का आनंद लें।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/what-is-the-right-way-to-make-egg-curry-note-the-recipe-2026-06-08-1223833