Vanshika Garg Death Update: अंतिम संस्कार के लिए मान गया वंशिका का परिवार, निष्पक्ष जांच की मांग पर अब भी अडिग

जयपुर के प्रतापनगर इलाके में 16 वर्षीय वंशिका गर्ग की संदिग्ध मौत के बाद परिवार अब अंतिम संस्कार के लिए सहमत हो गया है, लेकिन निष्पक्ष जांच और दोषी पर सख्त कार्रवाई की मांग पर कायम है। मामले की जांच अब मानसरोवर एसीपी आदित्य काकड़े को सौंपी गई है।

जयपुर के प्रतापनगर क्षेत्र में 16 वर्षीय वंशिका गर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। परिजनों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों और निष्पक्ष जांच की मांग के बीच अब परिवार ने शव के अंतिम संस्कार के लिए अपनी सहमति दे दी है। वंशिका का अंतिम संस्कार कल प्रतापनगर स्थित हल्दीघाटी मार्ग मोक्षधाम में किया जाएगा।

पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार को सौंपा गया शव

डॉक्टरों की एक विशेष टीम ने वंशिका के शव का पोस्टमॉर्टम किया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शुरुआत में परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं था और मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर अपनी आशंकाएं जता रहा था। हालांकि, प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गया।

युवक पर लगाए गंभीर आरोप

मृतका के परिजनों ने योगेन्द्र मीणा नामक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि वंशिका की मौत की परिस्थितियां संदिग्ध हैं और पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी रखी है।

इससे पहले परिजनों ने जांच अधिकारी बदलने की मांग की थी। उनका कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए किसी वरिष्ठ अधिकारी को इसकी जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच मानसरोवर एसीपी आदित्य काकड़े को सौंप दी।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, वंशिका गर्ग की मौत आरएचबी की एआईएस रेजिडेंसी में एक इमारत की छत से गिरने के कारण हुई थी। हालांकि, घटना के पीछे की असली परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेंगी।

इस संदिग्ध मौत के मामले में एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वंशिका साइकिल से अपार्टमेंट के अंदर जाती हुई और बाद में लिफ्ट की ओर बढ़ती हुई दिखाई देती है। जानकारी के अनुसार, वंशिका शुक्रवार शाम रेजीडेंसी पहुंची थी, जबकि अगले दिन सुबह उसका शव बी ब्लॉक के पोर्च में मिला।

हर पहलू से हो रही जांच

घटना के बाद पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है और एफएसएल टीम की मदद से सबूत जुटाए गए हैं। दूसरी ओर, परिजनों ने वंशिका के अपहरण के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-vanshika-garg-death-update-family-agrees-to-funeral-10551814.html