सरधना क्षेत्र की रहने वाली एक हिंदू मॉडल युवती ने अपने पूर्व प्रेमी और उसके परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि शादी का भरोसा दिलाकर कई वर्षों तक उसका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से शोषण किया गया। पीड़िता के मुताबिक उसका प्रेमी वसील मुस्लिम समुदाय से है और वह लगातार उस पर धर्म बदलने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि वसील के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहते हुए वह तीन बार गर्भवती हुई, लेकिन हर बार उसका जबरन गर्भपात करा दिया गया और उससे लाखों रुपये भी ले लिए गए। जब युवती को यह पता चला कि वसील ने धोखा देकर दूसरी शादी कर ली है, तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मीडिया से बातचीत में युवती ने बताया कि वह साल 2015 से दिल्ली में मॉडलिंग के क्षेत्र में अपना करियर बना रही थी। इसी दौरान दिल्ली में उसकी मुलाकात सरधना के रहने वाले वसील से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता अफेयर में बदल गया। मॉडलिंग में आगे बढ़ने के मकसद से दोनों मुंबई चले गए। युवती के अनुसार वसील ने उसे एक बड़ी अदाकारा बनाने का सपना दिखाकर 2016 में मुंबई पहुंचाया और तभी से दोनों पिछले 11 सालों से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
2016 से साथ रह रहे थे दोनों
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार साल 2016 में दोनों मुंबई में साथ रहने लगे। इसी दौरान वसील ने शादी का भरोसा देकर युवती के साथ संबंध बनाए। साल 2017 में जब वह गर्भवती हुई और विवाह की बात उठाई, तो युवक और उसके परिवार ने सामाजिक कारणों का हवाला देते हुए मामला टाल दिया। युवती का आरोप है कि परिवार के दबाव में उसे तीन बार गर्भपात कराना पड़ा, जबकि इसके बाद भी उसे लगातार शादी का आश्वासन दिया जाता रहा। पीड़िता का कहना है कि उसने मॉडलिंग से होने वाली कमाई का बड़ा हिस्सा वसील और उसके परिवार की मदद में खर्च किया। आरोप है कि करीब दस सालों के दौरान उससे 50 से 60 लाख रुपये लिए गए, लेकिन विवाह का वादा कभी पूरा नहीं हुआ और उसके साथ धोखा किया गया।
हिंदू धर्म छोड़ने का बनाया गया दबाव
युवती ने बताया कि वसील उसे कई बार अपने सरधना स्थित घर भी ले गया था। वहां परिवार में मिले स्नेह को देखकर उसे लगा कि वसील के परिजनों ने उसे बहू के रूप में स्वीकार कर लिया है। हालांकि बाद में वसील का व्यवहार बदलने लगा। इसी साल मई में जब वह वसील के घर पहुंची, तो उसे पता चला कि वसील ने 2 मई को किसी दूसरी युवती से निकाह कर लिया है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर वसील, उसके पिता यामीन और अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की, अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का दावा है कि उस पर दबाव डाला जा रहा था कि वह हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम धर्म स्वीकार कर ले, तभी शादी हो सकेगी। जब उसने धर्म बदलने से इनकार कर दिया, तो वसील और उसके परिवार का रवैया पूरी तरह बदल गया।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/meerut-hindu-model-exploited-for-11-years-under-the-pretext-of-marriage-now-being-pressured-to-convert-2026-06-08-1223809