रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को हुई एक बैठक में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस समीक्षा के बाद स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस MK1A की डिलीवरी में हो रही देरी, रूसी सुखोई SU-57 और भारत के पांचवीं पीढ़ी के स्वदेशी लड़ाकू विमान AMCA को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। इसके अलावा HAL पर जुर्माना लगाने की बात भी इस दौरान कही गई।
तेजस MK1A को लेकर ताजा स्थिति
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्री ने सोमवार की इस अहम बैठक में LCA तेजस MK1A लड़ाकू विमान की पूरी रिपोर्ट ली। बैठक से मिले ब्योरे के मुताबिक, HAL ने अब तक 18 तेजस MK1A लड़ाकू विमान तैयार कर लिए हैं। वहीं तेजस के अब तक 6 इंजन मिलने की बात कही गई है। उल्लेखनीय है कि तेजस का इंजन अमेरिका से मंगाया जाता है और इसे अमेरिकी कंपनी General Electric बनाती है।
HAL पर लगेगा जुर्माना
रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, बैठक में कहा गया कि इस साल के अंत तक करीब 18-24 LCA तेजस मार्क 1A लड़ाकू विमान तैयार हो जाने चाहिए। साथ ही इन विमानों को सौंपने में हो रही देरी के चलते HAL पर पेनल्टी लगाने की बात भी कही गई।
SU-57 और AMCA पर चर्चा
बैठक में भारत के लिए बेहद अहम पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों पर भी विचार-विमर्श हुआ। जानकारी के मुताबिक, रूस के पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान सुखोई SU-57 को लेकर चर्चा चल रही है। हालांकि यह भी कहा गया कि भारत का अपना एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) कार्यक्रम भी उतना ही जरूरी है। गौरतलब है कि रूस बीते कुछ समय से भारत को SU-57 लड़ाकू विमान का प्रस्ताव दे रहा है। रूस ने इस विमान के साथ-साथ इससे जुड़ी पूरी तकनीक भी भारत को सौंपने की पेशकश की है।
https://www.indiatv.in/india/national/defence-minister-rajnath-singh-meeting-on-hal-know-how-many-tejas-mk1a-fighter-jets-are-ready-su-57-also-discussed-2026-06-08-1223800