बलूचिस्तान एक बार फिर हिंसा की चपेट में है, जहां पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां बलूच लड़ाकों के निशाने पर आ गई हैं। स्थानीय मीडिया की मानें तो प्रांत के अलग-अलग इलाकों में हुए हमलों में एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। खास बात यह रही कि एक ही दिन में तीन अलग-अलग बलूच संगठनों ने पाकिस्तानी बलों पर हमले किए।
तुर्बत के पास सबसे बड़ा हमला
सबसे बड़ा हमला तुर्बत के नजदीक हुआ। इसकी जानकारी बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने दी। उनके मुताबिक बीएलए ने पाकिस्तानी सेना के एक काफिले को निशाना बनाया। संगठन का दावा है कि इस हमले में मिलिट्री इंटेलिजेंस से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी अरसलान हलीम और तीन अन्य सैनिक मारे गए। बीएलए के अनुसार यह कार्रवाई उसकी खुफिया शाखा से मिली जानकारी के आधार पर की गई थी।
दो और संगठनों ने भी बोला धावा
द बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, दो अन्य गुटों—बलूच राजी आजोई संगर (बीआरएएस) और बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स—ने प्रांत के जहरी और कच्छी क्षेत्रों में पाकिस्तानी बलों पर हमले किए।
बीआरएएस ने दावा किया कि उसके लड़ाकों ने खुजदार जिले के जहरी इलाके में सेना के वाहनों के काफिले पर घात लगाकर हमला किया। संगठन के मुताबिक इस हमले में आठ सैनिक मारे गए और एक सैन्य वाहन भी तबाह हो गया।
दोबारा आगे बढ़ी सेना पर फिर हमला
बीआरएएस का कहना है कि जब पाकिस्तानी सेना बाद में टैंकों और बख्तरबंद वाहनों के साथ दोबारा आगे बढ़ी, तो उसके लड़ाकों ने एक बार फिर हमला कर दिया। इस कार्रवाई में एक और सैन्य वाहन को नुकसान पहुंचा और कुछ सैनिक भी घायल हुए।
इसी दौरान बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स ने कच्छी जिले के सन्नी इलाके में सेना के एक बड़े शिविर पर हमला करने का दावा किया। संगठन के अनुसार उसके लड़ाकों ने शिविर को चारों ओर से घेरकर रॉकेट लॉन्चर और भारी हथियारों से हमला किया, जिसमें कई सैनिक मारे गए और कई घायल हुए।
संगठनों का दावा—ऑपरेशन जारी हैं
इन तीनों संगठनों का कहना है कि वे बलूचिस्तान की आजादी के लिए लड़ रहे हैं और उनके अभियान आगे भी जारी रहेंगे। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना, पुलिस और सरकारी ठिकानों पर हमलों में तेजी आई है। इससे क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण होती जा रही है, जबकि पाकिस्तान सरकार इन उग्रवादी समूहों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।
https://hindi.news18.com/world/pakistan-bla-baloch-groups-attack-on-pakistan-army-officer-killed-10551128.html