उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में एक शादी की खुशियाँ चंद घंटों में मातम में बदल गईं। खटीमा के इस्लामनगर में निकाह के दौरान दहेज की माँग और मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच ऐसा विवाद खड़ा हुआ कि उसी तनाव के बीच दुल्हन के पिता को दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई।
पिता की मौत की खबर मिलते ही लड़की पक्ष का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने दूल्हे समेत कई बारातियों को बंधक बनाकर उनके साथ जमकर मारपीट की। हालात बिगड़ते देख जान बचाने के लिए कई बाराती मैरिज हॉल की छत से कूदकर वहाँ से भाग निकले।
कहाँ और कैसे हुई घटना
यह घटना वार्ड नंबर-7 इस्लामनगर स्थित खुशबू मैरिज हॉल की है, जहाँ बरेली से बारात आई थी। निकाह के समय मेहर की रकम तय करने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद से तनावग्रस्त दुल्हन के पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
लगातार बढ़ती गई दहेज की माँग
लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी तय होने के बाद से ही लड़का पक्ष लगातार दहेज की माँग बढ़ाता रहा। पहले स्कूटी माँगी गई और बाद में स्पोर्ट्स बाइक के साथ एक लाख रुपये नकद की माँग की जाने लगी।
मेहर की रकम पर अड़े रहे दोनों पक्ष
निकाह के दौरान लड़की पक्ष ने पाँच लाख रुपये मेहर तय करने की बात रखी, जबकि लड़का पक्ष 21 हजार रुपये पर अड़ा रहा। इसी रस्साकशी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन के पिता तनाव बर्दाश्त नहीं कर सके।
मौके पर पहुँची पुलिस
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुँच गया। खटीमा कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और निकाह के दौरान हुए विवाद का मामला सामने आया है।
कोतवाल ने यह भी बताया कि मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं होता है, तो उनकी शिकायत के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
https://hindi.news18.com/news/uttarakhand/dehradun-bride-father-died-heart-attack-dowry-demand-khatima-udham-singh-nagar-local18-10551228.html