मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। थाटीपुर थाना क्षेत्र के तृप्ति नगर में एक पारिवारिक आयोजन के बीच की गई हर्ष फायरिंग में एक महिला की जान चली गई। हादसे के बाद ससुराल पक्ष ने बदनामी और पुलिस कार्रवाई के डर से मृतका के शव को डीप फ्रीजर में छिपा दिया और रात के अंधेरे में चुपचाप अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा था। लेकिन पड़ोसियों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को खबर कर दी, जिसके बाद इस पूरी साजिश की परतें खुलती चली गईं।
उत्सव के बीच चली गोली
तृप्ति नगर में रहने वाले कुशवाहा परिवार में दष्टोन यानी बच्चे के जन्म के बाद मनाया जाने वाला उत्सव चल रहा था। इसी खुशी के माहौल में मृतका ज्योति कुशवाहा का देवर योगेश कुशवाहा कट्टे से हर्ष फायरिंग कर रहा था। तभी एक गोली ज्योति को जा लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मायके वालों से बोला गया झूठ
महिला की मौत के बाद पुलिस और समाज के डर से उसके पति मनोज कुशवाहा, देवर योगेश और दूसरे परिजनों ने मिलकर सच्चाई दबाने की योजना बनाई। मृतका का मायका मूल रूप से भिंड जिले के लहार का है और फिलहाल यह परिवार बड़ौदा में रहता है। आरोपियों ने उन्हें फोन कर झूठी जानकारी दी कि ज्योति की मौत छत से गिरने की वजह से हुई है। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के मकसद से घर पर एक डीप फ्रीजर मंगवाया गया और शव को उसमें पूरी तरह ढककर छिपा दिया गया, ताकि रात होते ही गुपचुप ढंग से अंतिम संस्कार कर दिया जाए।
कुशवाहा परिवार अपनी इस चाल में लगभग कामयाब हो ही जाता, मगर रात के वक्त घर में अचानक डीप फ्रीजर आता देख पड़ोसियों को गहरा शक हो गया। उन्होंने बिना देर किए थाटीपुर थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जब घर की तलाशी ली गई तो डीप फ्रीजर के भीतर से ज्योति कुशवाहा का शव बरामद हुआ।
"मुझे लगा उसमें कारतूस नहीं है"
शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतका के पति मनोज कुशवाहा से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी बात कबूल कर ली। घटना के बाद आरोपी देवर योगेश कुशवाहा मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में योगेश ने बताया कि उसे लगा था कि जिस हथियार से वह फायर कर रहा है, उसमें कारतूस नहीं है। उसने मजाक-मजाक में भाभी की ओर हथियार का इशारा करते हुए ट्रिगर दबा दिया, लेकिन उसमें फंसी गोली सीधे ज्योति को जा लगी।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले भी बड़ौदा से ग्वालियर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को एक शिकायती आवेदन सौंपते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
थाटीपुर थाना पुलिस के मुताबिक, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी देवर को गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं पति और बाकी परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। चूंकि शव को छिपाना और सबूत मिटाना भी एक गंभीर अपराध है, इसलिए पति और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/gwalior-brother-in-law-shoots-bhabhi-hides-dead-body-in-deep-freezer-2026-06-02-1222613