नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री पर कानूनी शिकंजा
दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर की जिंदगी और उससे जुड़े 200 करोड़ रुपये के कथित ठगी मामले पर बन रही नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री कानूनी विवाद में घिर गई है। सुकेश के अधिवक्ता अनंत मलिक ने नेटफ्लिक्स और डॉक्यूमेंट्री का निर्माण करने वाले एक मीडिया समूह को औपचारिक कानूनी नोटिस भेजा है। इस नोटिस के जरिए 18 दिसंबर को प्रस्तावित डॉक्यूमेंट्री की रिलीज और उसके प्रचार-प्रसार पर रोक लगाने की मांग की गई है। बचाव पक्ष की मुख्य दलील है कि डॉक्यूमेंट्री के प्रसारण से सुकेश के खिलाफ अदालतों में चल रहे मुकदमों की निष्पक्ष सुनवाई प्रभावित हो सकती है।
कानूनी नोटिस भेजने के साथ ही सुकेश चंद्रशेखर की ओर से दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने की तैयारी भी की जा रही है, ताकि डॉक्यूमेंट्री के सार्वजनिक प्रदर्शन पर रोक लगाई जा सके।
26 नवंबर को हुई थी घोषणा, 72 घंटे का दिया अल्टीमेटम
हाल ही में 26 नवंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स द्वारा यह घोषणा की गई थी कि एक मीडिया हाउस की ओरिजिनल्स डॉक्यूमेंट्री 'Love, Scam aur Dhokha: The Sukesh Chandrashekhar Story' को 18 दिसंबर 2026 से प्रसारित किया जाएगा। हालांकि, इस ऐलान के तुरंत बाद सुकेश के वकील ने इसकी रिलीज पर कड़ा ऐतराज जताया है।
सुकेश के वकील की तरफ से 26 नवंबर को भेजे गए कानूनी नोटिस में नेटफ्लिक्स, निर्माण से जुड़े मीडिया ग्रुप, डॉक्यूमेंट्री के डायरेक्टर और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर को 72 घंटे के भीतर अपना रुख स्पष्ट करने और जवाब देने के लिए कहा गया है। सुकेश के विधिक दल का कहना है कि जब तक उससे संबंधित आपराधिक मुकदमों में अभियोजन पक्ष के गवाहों की गवाही पूरी नहीं हो जाती, तब तक इस डॉक्यूमेंट्री को रिलीज न किया जाए।
अदालती सुनवाई और गवाहों के प्रभावित होने की दलील
सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ देशभर में लगभग 32 आपराधिक मामले लंबित हैं। इनमें सबसे चर्चित मामला 200 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी और तिहाड़ जेल के अंदर से संचालित संदिग्ध गतिविधियों का है। ये मामले दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष MCOCA अदालत और PMLA के तहत विचाराधीन हैं।
वकील अनंत मलिक ने जानकारी दी कि MCOCA से जुड़े मामले में अगली सुनवाई 30 नवंबर को निर्धारित है और इन मामलों में अभी अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। ऐसे में 18 दिसंबर को डॉक्यूमेंट्री रिलीज करने से मुकदमों की निष्पक्ष प्रक्रिया बाधित हो सकती है। वकील का कहना है कि फिल्म में दिखाई जाने वाली घटनाएं वर्तमान में अदालत के समक्ष विचाराधीन हैं। डॉक्यूमेंट्री में इंटरव्यू देने वाले लोगों के बयान अदालत में शपथ पत्र पर नहीं दिए गए हैं और न ही उन बयानों पर अदालत में कोई प्रतिपरीक्षण (जिरह) हुआ है। यदि इन अपुष्ट बयानों को दर्शक के सामने अंतिम सच की तरह पेश किया जाता है, तो इसका असर उन गवाहों की निष्पक्षता पर पड़ सकता है जिनकी गवाही अभी बाकी है।
साक्षात्कारकर्ताओं की पहचान और सुकेश के पक्ष पर उठाए सवाल
कानूनी नोटिस में यह भी सवाल उठाया गया है कि इस डॉक्यूमेंट्री में किन-किन लोगों के इंटरव्यू शामिल किए गए हैं। क्या इसमें इस केस के सरकारी गवाह, जांच अधिकारी या जेल प्रशासन के वर्तमान व पूर्व अधिकारी शामिल हैं? इसके साथ ही यह भी स्पष्ट करने की मांग की गई है कि क्या डॉक्यूमेंट्री बनाने के लिए किसी जांच एजेंसी या जेल प्रशासन से केस से जुड़े गोपनीय दस्तावेज, रिकॉर्ड या फुटेज हासिल किए गए हैं?
वकील के मुताबिक, निर्माताओं की तरफ से इन बातों पर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। सबसे अहम बात यह है कि सुकेश चंद्रशेखर को इस डॉक्यूमेंट्री में शामिल नहीं किया गया है और न ही निर्माताओं ने उसका पक्ष जानने के लिए उससे कोई संपर्क किया। सुकेश फिलहाल न्यायिक हिरासत में है और अपनी बात रखने के लिए सार्वजनिक रूप से सामने आने की स्थिति में नहीं है, इसलिए उसके पक्ष को पूरी तरह अनदेखा किया गया है।
'कॉनमैन' और 'स्कैम' शब्दों के इस्तेमाल पर आपत्ति
लीगल नोटिस में कहा गया है कि सुकेश चंद्रशेखर ने अपने खिलाफ चल रहे सभी मामलों में खुद को निर्दोष बताया है और किसी भी लंबित मुकदमे में अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार नहीं किया है। वकील का दावा है कि 20 अगस्त 2026 को एक मामले में हुई सजा को छोड़कर—जिसके खिलाफ अपील उच्च अदालत में लंबित है—बाकी किसी भी मामले में सुकेश को दोषी सिद्ध नहीं ठहराया गया है।
ऐसी स्थिति में डॉक्यूमेंट्री के शीर्षक में 'स्कैम' शब्द का प्रयोग और विज्ञापनों में सुकेश को 'कॉनमैन' के रूप में प्रचारित करना बेहद आपत्तिजनक है। वकील की दलील है कि जब तक अदालत आरोपों पर अपना अंतिम फैसला नहीं सुना देती, तब तक किसी भी व्यक्ति को पहले से दोषी की तरह पेश करना उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और अधिकारों का उल्लंघन है।
कानूनी नोटिस में रखी गईं 5 प्रमुख मांगें
सुकेश चंद्रशेखर के विधिक दल ने नोटिस में मेकर्स और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के सामने 5 प्रमुख मांगें रखी हैं:
- रिलीज पर तुरंत रोक: डॉक्यूमेंट्री, इसके सभी ट्रेलर, टीजर और प्रमोशनल कंटेंट की रिलीज को तब तक स्थगित रखा जाए जब तक कि संबंधित मामलों में अभियोजन पक्ष की गवाही पूरी नहीं हो जाती।
- वकीलों को प्री-स्क्रीनिंग: किसी भी सार्वजनिक प्रसारण से पहले सुकेश के वकीलों को पूरी डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाए।
- इंटरव्यू देने वालों की जानकारी: डॉक्यूमेंट्री में शामिल सभी व्यक्तियों के नाम स्पष्ट किए जाएं और बताया जाए कि क्या किसी जांच अधिकारी, सरकारी गवाह या जेल अधिकारी का इंटरव्यू लिया गया है।
- आपत्तिजनक शब्दावली की वापसी: सुकेश को 'कॉनमैन' या लंबित मामलों में दोषी बताने वाले प्रचार को वापस लिया जाए और सभी आरोपों को केवल आरोप के रूप में ही पेश किया जाए।
- सामग्री का संरक्षण: डॉक्यूमेंट्री से जुड़े सभी वीडियो फुटेज, इंटरव्यू रिकॉर्डिंग, रिसर्च फाइल्स, स्क्रिप्ट्स और संबंधित अधिकारियों के साथ हुए पत्राचार का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए।
सूचना प्रसारण मंत्रालय में शिकायत और हाईकोर्ट में याचिका
कानूनी नोटिस जारी करने के साथ-साथ सुकेश के कानूनी दल ने केंद्र सरकार का दरवाजा भी खटखटाया है। 27 नवंबर को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और गृह मंत्रालय को एक विस्तृत शिकायत प्रेषित की गई है। इसमें मांग की गई है कि डॉक्यूमेंट्री की रिलीज से पहले सरकारी स्तर पर इसकी जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि क्या किसी जांच एजेंसी के कर्मचारी या सरकारी अधिकारी ने केस से जुड़ी गोपनीय जानकारी या दस्तावेज निर्माताओं को उपलब्ध कराए हैं।
इसके साथ ही सुकेश चंद्रशेखर की तरफ से दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर डॉक्यूमेंट्री की रिलीज टालने और इसे रिलीज से पहले कोर्ट के समक्ष पेश करने की मांग की जा रही है। वकील अनंत मलिक का कहना है कि यह कदम पत्रकारिता के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह मुकदमों की निष्पक्षता और न्याय पाने के अधिकार से जुड़ा विषय है। जब तक अदालत से फैसला न आ जाए, तब तक किसी प्लेटफॉर्म पर किसी एक पक्ष के दावों को अंतिम सच्चाई के रूप में नहीं दिखाया जाना चाहिए।
https://hindi.news18.com/news/entertainment/web-series-sukesh-chandrashekhar-serves-legal-notice-to-netflix-over-documentary-love-scam-aur-dhokha-11016560.html