साइबर अपराध का काला सच
उत्तर प्रदेश के नोएडा में साइबर गुलामी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक रिहायशी इलाके में स्थित पीजी में 164 विदेशी नागरिकों को बंधक बनाकर उनसे जबरन अवैध साइबर गतिविधियों को अंजाम दिलवाया जा रहा था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद इन सभी बंधकों को सुरक्षित छुड़ा लिया गया है। मुक्त कराए गए लोगों में 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिक शामिल हैं।
कैसे खुला धोखाधड़ी का यह खेल
इस पूरे रैकेट का खुलासा एक पीड़ित की सतर्कता की वजह से हुआ। एक 42 वर्षीय मलेशियाई व्यक्ति को नोएडा की एक कथित आईटी कंपनी में नौकरी का प्रलोभन दिया गया था। वह काम की तलाश में जब नोएडा के सेक्टर 136 स्थित ऑफिस पहुंचा, तो वहां का माहौल देखकर उसे संदेह हुआ। दफ्तर में मौजूद लोगों ने उससे उसका पासपोर्ट जमा करने के लिए दबाव बनाया, जिसे उसने सिरे से खारिज कर दिया और वहां से किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा।
दिल्ली पुलिस को भेजा गया था मेल
अपनी जान बचाकर भागने के बाद, उस मलेशियाई नागरिक ने पिछले सप्ताह दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को एक ईमेल भेजकर पूरी आपबीती सुनाई। इसी महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और छानबीन शुरू की। सूचना के पुख्ता होने के बाद पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें 164 नागरिकों की बरामदगी हुई।
मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि इस पूरे गोरखधंधे के पीछे तीन मुख्य सरगना शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने इनमें से एक 25 वर्षीय मलेशियाई नागरिक, तान गुआन वी, को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का मानना है कि ये आरोपी नौकरी का लालच देकर विदेशियों को भारत बुलाते थे और फिर पासपोर्ट छीनकर उन्हें बंधक बना लेते थे। इसके बाद उनसे जबरन साइबर ठगी का काम करवाया जाता था। फिलहाल पुलिस इस रैकेट के अन्य सहयोगियों और उनके नेटवर्क की तलाश में जुटी है ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/noida-noida-cyber-slavery-racket-busted-malaysian-mastermind-arrested-ws-l-11015638.html