घर पर बनाएं चावल और आलू का नेचुरल साबुन, स्किन रहेगी हमेशा सॉफ्ट और हाइड्रेटेड

बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त साबुन आपकी त्वचा को रूखा बना सकते हैं। ऐसे में आप घर पर मौजूद कुछ प्राकृतिक चीजों से खुद का साबुन बनाकर त्वचा को चमकदार और मुलायम रख सकते हैं।

घर पर साबुन बनाने का आसान तरीका

नहाने के लिए हम में से ज्यादातर लोग बाजार में मिलने वाले साबुन का उपयोग करते हैं। हालांकि, इनमें मौजूद कठोर केमिकल्स हमारी त्वचा से प्राकृतिक नमी छीन लेते हैं, जिससे नहाने के बाद स्किन काफी रूखी और बेजान महसूस होने लगती है। विशेष रूप से सर्दियों के मौसम में ऐसे साबुन का इस्तेमाल आपकी त्वचा की परेशानी बढ़ा सकता है। अगर आप भी केमिकल मुक्त और प्राकृतिक त्वचा देखभाल चाहते हैं, तो घर पर ही बने साबुन एक बेहतरीन विकल्प हैं। आप चावल के आटे, आलू के रस और एलोवेरा जैसी चीजों का इस्तेमाल करके घर पर नहाने का साबुन तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि इस घरेलू नुस्खे को तैयार करने की पूरी विधि क्या है।

साबुन तैयार करने के लिए जरूरी सामग्री

इस प्राकृतिक साबुन को बनाने के लिए आपको रसोई में उपलब्ध कुछ बेसिक चीजों की आवश्यकता होगी। आपको कुल 5 चम्मच चावल, एक आलू, दो चम्मच एलोवेरा जेल और दो विटामिन ई कैप्सूल की जरूरत होगी। इसके साथ ही आप बेस के तौर पर अपनी पसंद का कोई भी ग्लिसरीन या क्रीम वाला साबुन ले सकते हैं।

साबुन बनाने की प्रक्रिया

  • स्टेप 1: सबसे पहले 5 चम्मच चावल को अच्छी तरह साफ पानी से धो लें। इसके बाद इसे एक साफ कपड़े पर फैलाकर पंखे की हवा में पूरी तरह सुखा लें। जब चावल सूख जाएं, तो उन्हें मिक्सर में डालकर अच्छी तरह बारीक पाउडर बना लें।
  • स्टेप 2: एक आलू को अच्छे से धोकर कद्दूकस कर लें। एक सूती कपड़े की मदद से निचोड़कर इसका रस निकाल लें।
  • स्टेप 3: एक बर्तन में दो चम्मच एलोवेरा जेल लें और उसमें आलू का रस व दो विटामिन ई कैप्सूल डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब साबुन के बेस को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और डबल बॉयलर तकनीक का इस्तेमाल करते हुए इसे पिघलाएं।
  • स्टेप 4: जब साबुन का बेस पूरी तरह पिघल जाए, तो उसमें पहले से तैयार किया गया एलोवेरा और आलू वाला मिश्रण डाल दें। अंत में इसमें दो बड़े चम्मच चावल का पाउडर मिलाएं और सभी सामग्रियों को एक साथ अच्छी तरह मिक्स कर लें।
  • स्टेप 5: अब इस मिश्रण को मनचाहे आकार वाले सांचे में डाल दें। इस साबुन को जमने के लिए 3 से 4 घंटे तक छोड़ दें। जब यह अच्छी तरह सेट हो जाए, तो आप इसे अपने रोजाना इस्तेमाल में ला सकते हैं।

यह घरेलू साबुन न केवल त्वचा को गहराई से साफ करता है, बल्कि उसे पोषण भी प्रदान करता है। घर पर बने इन प्राकृतिक साबुन का नियमित उपयोग आपकी स्किन को रूखेपन से बचाकर मुलायम बनाए रखने में मदद करेगा।

https://www.indiatv.in/lifestyle/fashion-and-beauty-tips/make-soap-using-rice-flour-potato-and-aloe-vera-your-skin-become-soft-after-bath-2026-11-23-1255914