एंटरटेनमेंट वर्ल्ड में नया कीर्तिमान
लोकप्रिय वीडियो गेम ग्रैंड थेफ्ट ऑटो-6 (GTA-6) ने बाजार में उतरते ही सफलता के नए आयाम गढ़ दिए हैं। रॉकस्टार गेम्स की इस लेटेस्ट पेशकश ने अपनी रिलीज के पहले ही दिन रिटेल बिक्री से 3.79 अरब अमेरिकी डॉलर यानी करीब 35,126 करोड़ रुपये की कमाई का जादुई आंकड़ा छू लिया है। मनोरंजन जगत के इतिहास में किसी भी प्रोडक्ट के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी और धमाकेदार शुरुआत मानी जा रही है। इस रिकॉर्ड ब्रेकिंग आंकड़े की जानकारी गेम की निर्माता कंपनी टेक-टू इंटरएक्टिव सॉफ्टवेयर की इकाई रॉकस्टार गेम्स ने साझा की है।
मेटाक्रिटिक पर छाई लोकप्रियता
इस गेम की सफलता केवल कमाई तक ही सीमित नहीं है, बल्कि क्रिटिक्स के बीच भी इसे जबरदस्त सराहना मिल रही है। मेटाक्रिटिक, जो प्रोफेशनल समीक्षाओं के आधार पर स्कोर तय करती है, वहां GTA-6 को 100 में से 99 पॉइंट्स का ऐतिहासिक स्कोर मिला है। गेम की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लॉन्च होने से पहले ही इसकी 3.25 करोड़ कॉपियां बिक चुकी थीं, जो कि अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। रॉकस्टार गेम्स के फाउंडर और प्रेसिडेंट सैम हाउसर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि दुनियाभर के प्लेयर्स से मिल रही प्रतिक्रिया अद्भुत है और वे इस खास सफर का हिस्सा बनने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
13 सालों का लंबा इंतजार और लॉन्च
गेमिंग प्रेमियों के लिए यह किसी बड़े उत्सव से कम नहीं था। GTA-6 की आधिकारिक लॉन्चिंग गुरुवार को हुई, जिसके साथ ही गेमर्स का 13 सालों लंबा इंतजार खत्म हुआ। अब यह गेम प्लेस्टेशन स्टोर, माइक्रोसॉफ्ट स्टोर, रॉकस्टार गेम्स स्टोर और अन्य तमाम ऑनलाइन व ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स पर उपलब्ध है। गेम के प्रति दीवानगी का आलम यह रहा कि बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने इसे खेलने के लिए अपने ऑफिस और जरूरी मीटिंग्स तक से छुट्टी ले ली।
भारत में क्या है गेम की कीमत
भारतीय बाजार में भी इस गेम को लेकर जबरदस्त क्रेज है। अगर आप इसे खरीदना चाहते हैं, तो भारत में दोनों मुख्य कंसोल स्टोर्स पर इसके अलग-अलग वर्जन उपलब्ध हैं। GTA-6 के स्टैंडर्ड वर्जन की कीमत 5999 रुपये तय की गई है, जबकि इसका प्रीमियम अल्टीमेट वर्जन 7499 रुपये में खरीदा जा सकता है।
GTA-5 की विरासत
इतिहास पर नजर डालें तो साल 2013 में आया GTA-5 भी एक मील का पत्थर साबित हुआ था। उस समय गेम ने रिलीज के शुरुआती 3 दिनों में 1 बिलियन डॉलर की रिटेल बिक्री की थी। टेक-टू इंटरएक्टिव के अनुसार, GTA-5 इतिहास के सबसे ज्यादा बिकने वाले वीडियो गेम्स की श्रेणी में शामिल है। इस फ्रैंचाइजी की कुल 470 मिलियन से ज्यादा यूनिट्स बिकी हैं, जिनमें से अकेले GTA-5 की हिस्सेदारी 230 मिलियन से अधिक यूनिट्स की रही है।
https://www.indiatv.in/paisa/business/gta-6-rakes-in-rs-35-126-crore-on-its-first-day-the-biggest-launch-in-the-industry-to-date-find-out-its-price-in-india-2026-11-22-1255672