रेलवे का नया दांव, थर्मल पावर प्लांट की राख से हर महीने होगी करोड़ों की कमाई

कोटा रेल मंडल ने माल ढुलाई राजस्व बढ़ाने के लिए फ्लाई ऐश के परिवहन पर जोर दिया है, जिससे हर महीने लाखों का मुनाफा होने की उम्मीद है।

माल ढुलाई से कमाई बढ़ाने की रणनीति

कोटा रेल मंडल अब अपनी आय को नई दिशा देने की तैयारी में जुट गया है। इसके लिए मंडल ने थर्मल पावर प्लांट से निकलने वाली राख यानी फ्लाई ऐश की ढुलाई पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। रेलवे का उद्देश्य माल ढुलाई के जरिए अपने खजाने को भरना है और इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए मोतीपुरा चौकी के थर्मल पावर प्लांट को चुना गया है।

हर महीने होगा करोड़ों का लाभ

रेलवे की योजना के मुताबिक, मोतीपुरा चौकी स्थित प्लांट से हर महीने 10 से 15 रैक फ्लाई ऐश को गंतव्य तक भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रेल अधिकारियों को उम्मीद है कि इस कवायद से रेलवे को हर महीने लगभग 2 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय प्राप्त होगी। फ्लाई ऐश की लोडिंग को सुगम बनाने के लिए प्लांट परिसर में साइलो का निर्माण किया गया है। साथ ही, अल्ट्राटेक कंपनी द्वारा इसके परिवहन के लिए विशेष बीसीएफसी वैगनों की खरीदारी भी की गई है। वर्तमान में यहां से प्रतिमाह 8 से 9 रैक भेजे जा रहे हैं।

सड़कों पर कम होगा वाहनों का दबाव

कोटा मंडल अब अपने इस मॉडल का विस्तार करने की योजना बना रहा है, जिसके तहत कालीसिंध थर्मल पावर प्लांट से भी फ्लाई ऐश की लोडिंग जल्द शुरू की जाएगी। रेल विशेषज्ञों और अधिकारियों का मानना है कि सड़क मार्ग की तुलना में रेल के जरिए राख का परिवहन अधिक सुरक्षित और किफायती साबित हो रहा है। इसके अलावा, इस पहल से सड़कों पर भारी मालवाहक वाहनों का दबाव भी काफी हद तक कम होगा।

https://hindi.news18.com/news/business/railways-kota-railway-fly-ash-transport-2-crore-monthly-revenue-local18-11004025.html