हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए विदेश में काम करने का एक नया रास्ता खुला है। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे देशों में भेजने की दिशा में पहल कर रही है। इसी कड़ी में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की प्रतिष्ठित कंपनी किंगस्टन होल्डिंग में पुरुष फैक्ट्री सहायक/जनरल हेल्पर के पदों पर भर्ती निकाली गई है, जिसके लिए मंडी स्थित जिला रोजगार कार्यालय ने आवेदन मांगे हैं।
किस कंपनी में और कैसे हो रही है भर्ती
मंडी जिले के जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि यह भर्ती हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के माध्यम से की जा रही है। संयुक्त अरब अमीरात स्थित किंगस्टन होल्डिंग में फैक्ट्री सहायक/जनरल हेल्पर के पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
योग्यता और जरूरी शर्तें
जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार इन पदों के लिए कम से कम 10वीं पास होना अनिवार्य है और अभ्यर्थी को सामान्य अंग्रेजी का ज्ञान होना चाहिए। आवेदन केवल पुरुष उम्मीदवार (फ्रेशर या अनुभवी) ही कर सकते हैं।
- अभ्यर्थी की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है।
- केवल वही उम्मीदवार आवेदन करें जो यात्रा करने और चयन के बाद एक माह के भीतर कार्यभार संभालने को तैयार हों।
चौहान ने स्पष्ट किया कि वैध पासपोर्ट के बिना किसी भी उम्मीदवार को भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
वेतन और मिलने वाली सुविधाएं
चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने लगभग 1375 दिरहम की आय मिलेगी। इसमें 1075 दिरहम मासिक वेतन और प्रतिदिन 3 घंटे के ओवरटाइम से लगभग 300 दिरहम की अतिरिक्त आय शामिल है। भारतीय मुद्रा के हिसाब से यह राशि लगभग ₹35,681/- प्रतिमाह बैठती है।
वेतन के अलावा कंपनी की ओर से कई अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी:
- रहने के लिए आवास।
- कंपनी की नीति के अनुसार मेडिकल बीमा।
- प्रत्येक दो वर्ष में एक बार हवाई टिकट।
- दुबई के श्रम कानून के अनुसार ग्रेच्युटी की सुविधा।
आवेदन की अंतिम तारीख और शुल्क
इच्छुक अभ्यर्थी 12 जून, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। चयन होने पर अभ्यर्थियों को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा अनुमोदित निर्धारित शुल्क ₹35,400/- + GST का भुगतान करना होगा। इसमें ₹30,000/- सर्विस चार्ज, ₹5,400/- (18% GST) और ₹1,500/- मेडिकल शुल्क शामिल है।
कहां करें संपर्क
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय, मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी ने विदेश में नौकरी करने के इच्छुक युवाओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं।
https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/mandi-job-opportunity-for-himachal-youth-in-uae-company-salary-and-criteria-details-local18-ws-l-10550995.html