बिलासपुर: घुमाने के बहाने रेलवे स्टेशन ले गया प्रेमी, दोस्तों के साथ मिलकर 13 साल की नाबालिग से किया गैंगरेप

बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनकी उम्र 13 से 16 साल के बीच बताई जा रही है।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 13 साल की एक नाबालिग लड़की के लिए उसका भरोसा ही मुसीबत बन गया। दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता ऐसी हैवानियत में बदल गया, जिसे सुनकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो जाएं। आरोप है कि लड़की के प्रेमी ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया।

कैसे हुई वारदात

यह मामला बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, लड़की का नाबालिग प्रेमी उसे बाइक पर घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया और रेलवे स्टेशन की ओर पहुंच गया। वहां सुनसान जगह देखकर उसने वारदात को अंजाम दिया।

आरोप है कि रेलवे स्टेशन के पास प्रेमी के दो दोस्त पहले से ही मौजूद थे। तीनों ने मिलकर सुनसान जगह पर नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

आरोपियों की उम्र 13 से 16 साल के बीच

घटना में शामिल बताए जा रहे तीनों आरोपी नाबालिग हैं और उनकी उम्र 13 से 16 साल के बीच बताई जा रही है। यानी जिस उम्र में बच्चों को सही और गलत का फर्क समझना चाहिए, उसी उम्र में इन किशोरों ने इतनी संगीन वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस ने तीनों को लिया हिरासत में

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई करते हुए तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।

https://hindi.news18.com/news/chhattisgarh/bilaspur-13-year-old-girl-and-minor-boy-gang-raped-by-boyfriend-and-friends-10551045.html