बुलंदशहर एनकाउंटर में मारा गया कुख्यात अपराधी नसीम दुर्रानी
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की एक संयुक्त टीम ने बड़े एनकाउंटर के दौरान डी कंपनी से संबंध रखने वाले कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को मार गिराया। नसीम दुर्रानी लंबे समय से जरायम की दुनिया में सक्रिय था और अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के इशारे पर दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन को ठिकाने लगाने की साजिश रचने का मुख्य आरोपी था।
मुठभेड़ की इस घटना में दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। पुलिस द्वारा घेरे जाने के बाद दुर्रानी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में संयुक्त टीम ने भी कार्रवाई की। इस दौरान गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को कई गोलियां लगीं। मुठभेड़ के तुरंत बाद पुलिस उसे गंभीर अवस्था में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली के खजूरी खास हत्याकांड में वांछित था नसीम
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नसीम दुर्रानी हाल ही में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में भी वांछित चल रहा था। यह मामला 16 नवंबर का है, जब उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में कपिल मिश्रा के दफ्तर के ठीक बाहर 26 साल के एक युवक समीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
दयालपुर का रहने वाला मृतक समीर उस समय अपने साथी रिज़वान द्वारा चलाई जा रही स्कूटी पर पीछे बैठा हुआ था। इसी दौरान हमलावरों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी थीं। कई गोलियां लगने से समीर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तुरंत सिविल लाइंस स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस वारदात को अंजाम देने के बाद से ही पुलिस नसीम दुर्रानी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी।
ऐसे बिछाया गया घेराबंदी का जाल
खजूरी खास में हुई हत्या की घटना के बाद से दिल्ली पुलिस और एसटीएफ की विशेष टीमें आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसी दौरान पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि आरोपी बुलंदशहर इलाके में छिपा हुआ है।
सटीक जानकारी के आधार पर नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में दबिश दी और उसे पकड़ने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें नसीम दुर्रानी ढेर हो गया। इस संयुक्त ऑपरेशन की सफलता के बाद अब पुलिस दुर्रानी के पूरे आपराधिक नेटवर्क और अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील से उसके कथित कनेक्शन को लेकर आगे की जांच कर रही है।
छोटा राजन और तारिक फतेह की हत्या का मिला था कॉन्ट्रैक्ट
नसीम दुर्रानी का आपराधिक इतिहास काफी संगीन रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 2016-17 के दौरान अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील ने दुर्रानी को तिहाड़ जेल के भीतर बंद गैंगस्टर छोटा राजन की हत्या करने का कॉन्ट्रैक्ट दिया था। यह गैंगस्टर लगातार छोटा शकील के संपर्क में बना हुआ था।
केवल छोटा राजन ही नहीं, बल्कि दुर्रानी पर एक अन्य हाई प्रोफाइल हत्याकांड की साजिश में शामिल होने के भी आरोप लगे थे। बताया जाता है कि वह पाकिस्तानी मूल के लेखक और टिप्पणीकार तारिक फतेह की हत्या की साजिश रचने के मामले में भी शामिल था।
https://hindi.news18.com/news/nation/gangster-naseem-durrani-killed-in-police-encounter-in-bulandshahr-chhota-shakeel-d-company-chhota-rajan-10999517.html