सोशल मीडिया ने दिखाई मानवता की राह
जयपुर ग्रामीण के कालवाड़ गांव से एक ऐसी कहानी सामने आई है जिसने सोशल मीडिया की सकारात्मक ताकत को साबित कर दिया है। यहां एक परिवार पर आए संकट के समय क्षेत्र के लोगों ने एकजुट होकर मिसाल पेश की है। तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी बेटी परख शर्मा के विवाह समारोह के दौरान उनके पिता दिनेश शर्मा स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती थे। उनके दोनों किडनी और लीवर ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके चलते परिवार के लिए शादी के आयोजन का खर्च उठाना बेहद कठिन हो गया था।
व्हाट्सएप ग्रुप बना सहारा
इस कठिन परिस्थिति में कालवाड़ फैमिली व्हाट्सएप ग्रुप के सदस्यों ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए मदद का बीड़ा उठाया। ग्रुप के संचालक गोविंद पारीक और हरी सेवा आश्रम के प्रमुख विजय शर्मा ने आगे आकर लोगों से सहयोग की अपील की। इस पहल का परिणाम यह निकला कि देखते ही देखते भामाशाहों ने करीब 3 लाख रुपए की नकद राशि कन्यादान के रूप में एकत्रित कर ली।
सामूहिक सहयोग से पूरी हुई शादी
लोगों ने न केवल आर्थिक सहायता प्रदान की, बल्कि शादी के लिए जरूरी अन्य संसाधनों को जुटाने में भी मदद की। भामाशाहों ने परिवार को सोने और चांदी के आभूषण, साड़ियां और विवाह में काम आने वाला अन्य आवश्यक सामान भी भेंट किया। सामूहिक सहयोग के कारण परख शर्मा की शादी धूमधाम से संपन्न हो पाई। यह मामला इस बात का प्रमाण है कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का सही उपयोग किस तरह किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ा सहारा बन सकता है।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-kalwad-whatsapp-group-3-lakh-kanyadaan-daughter-marriage-help-social-media-bhamashah-local18-10992457.html