पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कोलकाता में पहले विधायकों के अलग होने के बाद अब पार्टी के सांसदों ने भी बगावती तेवर दिखा दिए हैं। लोकसभा के 20 सांसदों ने स्पीकर को एक पत्र लिखा है, जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि ये सांसद आने वाले दिनों में एक अलग पार्टी का गठन कर सकते हैं।
विधायकों के बाद अब सांसदों ने दिया झटका
इससे पहले कोलकाता में पार्टी के विधायकों ने टीएमसी से अलग होकर एक नई पार्टी बनाने की घोषणा की थी। अब उसी तर्ज पर लोकसभा के 20 सांसदों ने बगावत का रास्ता अपना लिया है। इन सांसदों के पत्र लिखने से पार्टी के भीतर अंदरूनी कलह और गहराने के संकेत मिल रहे हैं।
20 से अधिक सांसदों ने लिखा स्पीकर को पत्र
सूत्रों के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस के 20 से अधिक सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है। इस घटनाक्रम के बाद पार्टी में बगावत को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं। खबरों के अनुसार, ये सांसद एक अलग गुट या नया राजनीतिक धड़ा बनाने पर विचार कर रहे हैं, क्योंकि बताया जा रहा है कि इसके लिए उनके पास पर्याप्त संख्या मौजूद है।
सूत्रों ने यह भी संकेत दिया है कि लोकसभा में टीएमसी का एक अलग ब्लॉक जल्द ही सामने आ सकता है। हालांकि इस मामले में अंतिम फैसला उचित समय पर लिया जाएगा।
ममता बनर्जी दिल्ली में मौजूद
इन दिनों पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी भी दिल्ली में ही हैं। वह इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होने के लिए राजधानी पहुंची हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद उनका टीएमसी के सांसदों की स्थिति का जायजा लेने का भी कार्यक्रम था, लेकिन इससे पहले ही पार्टी के 20 सांसदों ने बगावत कर दी।
https://www.indiatv.in/west-bengal/more-than-20-tmc-mps-wrote-letter-to-speaker-can-make-separate-party-2026-06-08-1223749