बिहार के सारण जिले की मशरख नगर पंचायत के तख्त दलित टोला में उस वक्त कोहराम मच गया, जब घर के बाहर सड़क किनारे सो रहे लोगों को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने रौंद दिया। भीषण गर्मी और बिजली न होने के कारण करीब एक दर्जन लोग दरवाजे के बाहर सोए हुए थे। इस दर्दनाक हादसे में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।
बिजली कटने से सड़क किनारे सो रहे थे ग्रामीण
दरअसल, तख्त दलित टोला में ट्रांसफार्मर जल जाने की वजह से बिजली पूरी तरह ठप थी। भीषण गर्मी और उमस से बेहाल स्थानीय लोग कुछ राहत की उम्मीद में अपने-अपने घरों के दरवाजों के बाहर, सड़क किनारे नाले के ऊपर सोए हुए थे। इसी बीच पानापुर के रसौली गांव के एक टेंट हाउस का तेज रफ्तार ट्रैक्टर आया और घुमावदार सड़क पर संतुलन खोकर सोए हुए लोगों को कुचलता हुआ निकल गया।
घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागा चालक
लोगों को रौंदने के बाद ट्रैक्टर कुछ दूर जाकर रुक गया। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और इसी अफरा-तफरी तथा अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रैक्टर चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। उसी रास्ते से गुजर रहे नगर पंचायत चेयरमैन सोहन महतो ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरख पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया।
कौन-कौन हुए घायल
इस हादसे में घायल सभी लोग तख्त दलित टोला गांव के ही रहने वाले हैं। घायलों में लव कुश ठाकुर की 5 वर्षीय पुत्री माही कुमारी, स्वर्गीय सुखदेव राम की 70 वर्षीय पत्नी गुलपति देवी, विक्रमा ठाकुर की 70 वर्षीय पत्नी कादित देवी और उनका 17 वर्षीय पुत्र राजा ठाकुर शामिल हैं।
इनके अलावा पवन ठाकुर की 20 वर्षीय पत्नी काजल देवी, दिनेश ठाकुर का 25 वर्षीय पुत्र पवन ठाकुर और स्वर्गीय विक्रमा ठाकुर का 28 वर्षीय पुत्र लव कुश ठाकुर भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।
https://www.indiatv.in/bihar/saran-mashrakh-uncontrolled-tractor-ran-over-7-sleeping-outside-due-to-power-cut-2026-06-08-1223751