अब आग की लपटें छू भी नहीं पाएंगी दमकलकर्मियों को, गाजियाबाद में बना देश का पहला स्वदेशी फायर फाइटिंग सूट

गाजियाबाद की संस्था NITRA ने करीब ढाई साल के शोध के बाद देश का पहला स्वदेशी स्पेशलाइज्ड फायर फाइटिंग सूट तैयार किया है, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरता है और महंगे विदेशी सूटों का सस्ता भारतीय विकल्प बन सकता है।

भीषण आग की घटनाओं के दौरान दमकलकर्मियों को तेज लपटों, बेहद ऊंचे तापमान और जहरीले धुएं के बीच अपनी जान दांव पर लगाकर राहत और बचाव कार्य करना पड़ता है। ऐसे मुश्किल हालात में खुद उनकी सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है। इसी समस्या का हल तलाशते हुए गाजियाबाद स्थित नॉर्दर्न इंडिया टेक्सटाइल रिसर्च एसोसिएशन (NITRA) ने देश का पहला स्वदेशी स्पेशलाइज्ड फायर फाइटिंग सूट विकसित किया है।

करीब ढाई साल की रिसर्च के बाद बनकर तैयार हुआ यह हाईटेक सूट अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरता है। अब तक विदेशों से मंगाए जाने वाले महंगे फायर फाइटिंग सूट की जगह यह एक मजबूत भारतीय विकल्प साबित हो सकता है।

विदेशी सूटों पर निर्भरता घटेगी

फिलहाल भारत में इस्तेमाल होने वाले ज्यादातर हाई-परफॉर्मेंस फायर फाइटिंग सूट यूरोप और अमेरिका जैसे देशों से आयात किए जाते हैं। इन खास सूटों की कीमत 20 से 25 लाख रुपये तक होती है, जिससे सरकारी विभागों और औद्योगिक संस्थानों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है।

NITRA की ओर से बनाया गया नया सूट विदेशी उत्पादों की तुलना में काफी कम लागत पर तैयार किया जा सकता है। इससे अग्निशमन उपकरणों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा और आयात पर निर्भरता घटेगी।

लगातार शोध और परीक्षण के बाद बना डिजाइन

इस परियोजना पर NITRA के वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने करीब ढाई वर्षों तक लगातार शोध और परीक्षण किए। डिजाइन तैयार करने से लेकर सामग्री के चयन और अलग-अलग तकनीकी मानकों की जांच तक हर चरण पर विशेष सतर्कता बरती गई। कई सफल परीक्षणों के बाद ही इस सूट को अंतिम रूप दिया गया।

सूट की सबसे बड़ी खूबी इसकी सात हाईटेक सुरक्षा परतें हैं। इन परतों में ग्लास फाइबर समेत कई उन्नत तकनीकी फाइबर का इस्तेमाल किया गया है, जो अत्यधिक गर्मी और आग की सीधी लपटों से शरीर की रक्षा करते हैं।

बेहद ऊंचे तापमान में भी सुरक्षा

सूट की बाहरी सतह पर खास एल्यूमिनियम कोटिंग की गई है, जो गर्मी को परावर्तित कर उसे शरीर तक पहुंचने से रोकती है। इसकी मदद से दमकलकर्मी लंबे समय तक खतरनाक हालात में सुरक्षित रहकर काम कर सकते हैं।

आग बुझाते समय धुएं और जहरीली गैसों के बीच सांस लेना भी एक बड़ी चुनौती होती है। इसे ध्यान में रखते हुए सूट में विशेष ऑक्सीजन सिस्टम जोड़ा गया है। ऑक्सीजन सिलेंडर को भी अग्निरोधी टेक्सटाइल कवर से सुरक्षित किया गया है, जिससे बेहद ऊंचे तापमान में भी उसकी सुरक्षा बनी रहती है।

कई उद्योगों के कर्मचारियों के लिए उपयोगी

NITRA के महानिदेशक डॉ. एम. एस. परमार ने बताया कि यह सूट वस्त्र मंत्रालय के राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के सहयोग से विकसित किया गया है। इसका उपयोग सिर्फ दमकलकर्मियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रक्षा क्षेत्र, तेल और गैस उद्योग, एयरोस्पेस, विमानन, बिजली संयंत्र और थर्मल उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए भी इसे काम में लाया जा सकेगा।

NITRA ने अपने औद्योगिक सहयोगी System 5S Private Limited के साथ मिलकर इस सूट को तैयार किया है। यह EN 1486 और ISO 15538 जैसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया गया है और विदेशों में हुए परीक्षणों में भी सफल साबित हुआ है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, भारत में ऐसे विशेष अग्निशमन सूटों की सालाना मांग करीब एक हजार सेट है। ऐसे में यह स्वदेशी तकनीक न सिर्फ देश की जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी नई मजबूती देगी।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/ghaziabad-nitra-unique-indigenous-specialized-fire-fighting-suit-for-firefighter-local18-10550457.html