बाजार में दिनभर छाई रही मायूसी
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सुस्त रही और दिन भर बिकवाली का दबाव बना रहा। वैश्विक संकेतों की सुस्ती और बाजार में मुनाफावसूली का दौर चलने के कारण निवेशक सतर्क दिखे। दिन के अंत तक सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने अपने महत्वपूर्ण स्तरों को गंवा दिया। बीएसई सेंसेक्स कारोबार समाप्त होने पर 318.56 अंक या 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,592.45 के स्तर पर आकर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 155.05 अंक यानी 0.61 प्रतिशत गिरकर 25,144.30 के स्तर पर टिका। बाजार में बिकवाली का आलम यह था कि कुल 2,328 शेयरों में गिरावट देखी गई, जबकि केवल 1,763 शेयर ही बढ़त बनाने में सफल रहे। वहीं 167 शेयरों की कीमतों में कोई हलचल नहीं हुई। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी 0.2 प्रतिशत की सुस्ती देखी गई।
सेक्टोरल गिरावट का असर
बाजार के विभिन्न सेक्टरों में बिकवाली का व्यापक असर देखने को मिला, जिससे लगभग सभी इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। सबसे अधिक दबाव निफ्टी सीमेंट और निफ्टी रियल्टी पर रहा, जिनमें क्रमशः 1.81 प्रतिशत और 1.39 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा ऑटो सेक्टर में 1.07 प्रतिशत, मेटल में 0.98 प्रतिशत, केमिकल्स में 0.82 प्रतिशत, बैंक निफ्टी में 0.79 प्रतिशत, प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 0.76 प्रतिशत और आईटी सेक्टर में 0.72 प्रतिशत की कमजोरी रही। एफएमसीजी सेक्टर लगभग सपाट रहा, जबकि मिडस्मॉल आईटी टेलीकॉम सूचकांक 0.23 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में बंद होने वाला इकलौता सेक्टर रहा।
इन 5 दिग्गज शेयरों ने किया निराश
आज के कारोबार के दौरान निफ्टी के प्रमुख शेयरों में बिकवाली के कारण निवेशकों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। इन शेयरों का प्रदर्शन सबसे खराब रहा:
- श्रीराम फाइनेंस में 3.37 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज हुई।
- टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर 3.31 प्रतिशत तक फिसल गए।
- ग्रासिम इंडस्ट्रीज ने 2.60 प्रतिशत का गोता लगाया।
- हिंडाल्को इंडस्ट्रीज में 2.12 प्रतिशत की कमजोरी रही।
- अदानी एंटरप्राइजेज 1.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
बाजार में उम्मीद की किरण
बाजार की इस चौतरफा गिरावट के बावजूद कुछ शेयरों ने बढ़त के साथ निवेशकों को राहत दी। इनमें आयशर मोटर्स (+1.34 प्रतिशत), हिंदुस्तान यूनिलीवर (+0.96 प्रतिशत), बीएसई (+0.73 प्रतिशत), एशियन पेंट्स (+0.53 प्रतिशत), भारती एयरटेल (+0.48 प्रतिशत), आईटीसी (+0.33 प्रतिशत), ओएनजीसी (+0.22 प्रतिशत) और नेस्ले इंडिया (+0.18 प्रतिशत) प्रमुख रहे।
https://www.indiatv.in/paisa/market/stock-market-closed-in-red-sensex-slides-319-points-these-5-stocks-deal-a-major-blow-to-investors-2026-11-13-1254236