उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर शिकंजा कसने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में झांसी पुलिस ने सोशल मीडिया पर तमंचा लहराकर रौब दिखाने वाले एक युवक को सख्त सबक सिखाया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवक कार में बैठकर अवैध तमंचा लहराता दिखाई दे रहा था।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
वीडियो सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान अमित वर्मा के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसका एक और वीडियो सामने आया, जिसमें उसके तेवर पूरी तरह बदले हुए नजर आए और वह हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखा।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला झांसी के मोठ थाना क्षेत्र का है। यहां एक युवक कार के भीतर बैठकर तमंचे को लोड और अनलोड करता दिखाई दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। कई लोगों ने इस वीडियो पर सवाल खड़े किए और इसे कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली हरकत बताया। जैसे ही यह वीडियो पुलिस तक पहुंचा, उसने तत्काल कदम उठाते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का नाम अमित वर्मा है, जो मोठ का ही रहने वाला है।
गिरफ्तारी के बाद माफी मांगता दिखा आरोपी
पुलिस की गिरफ्त में आते ही युवक की सारी दबंगई काफूर हो गई। गिरफ्तारी के बाद एक वीडियो में वह अपनी हरकत के लिए हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया और आगे से ऐसी गलती न दोहराने की बात भी कही। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
झांसी पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों के साथ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस सख्ती को जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक बड़ी चेतावनी माना जा रहा है। फिलहाल आरोपी को जेल भेजा जा चुका है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/a-man-from-jhansi-was-arrested-for-posing-with-a-gun-on-social-media-2026-06-08-1223724