पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सत्ता हाथ से निकलते ही तृणमूल कांग्रेस अब बिखराव की ओर बढ़ती दिख रही है। पार्टी के कई सांसदों ने खुलकर बगावती रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में टीएमसी के बागी सांसद आज बीजेपी नेता भूपेंद्र यादव से मुलाकात करने पहुंचे और उनके आवास पर बैठक की। इस बैठक में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी शामिल रहे।
बैठक में शामिल हुए ये सांसद
भूपेंद्र यादव के घर हुई इस बैठक में मौजूद रहे टीएमसी सांसदों के नाम भी सामने आ गए हैं। इनमें शताब्दी रॉय, जगदीश मालिया और कालीपदा सोरेन जैसे नाम शामिल हैं। बैठक में पहुंचे सांसदों की पूरी सूची इस प्रकार है—
- काकली घोष दस्तीदार (बारासात)
- प्रसून बनर्जी (हावड़ा)
- शताब्दी रॉय (बीरभूम)
- असीत माल (बोलपुर)
- बापी हलदार (मथुरापुर)
- जून मालिया (मेदिनीपुर)
- जगदीश बसुनिया (कूचबिहार)
- कालीपदा सोरेन (झाड़ग्राम)
- अरूप चक्रवर्ती (बांकुड़ा)
- पार्थ भौमिक (बैरकपुर)
- शर्मिला सरकार (बर्धमान पूर्व)
सुखेंदु शेखर रॉय ने आज ही दिया इस्तीफा
बागी टीएमसी सांसदों की इस बैठक में शर्मिला सरकार और अरूप चक्रवर्ती समेत 5 सांसद मौजूद रहे। इनके अलावा सुखेंदु शेखर रॉय भी बैठक में शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि सुखेंदु शेखर रॉय ने आज ही टीएमसी की ओर से राज्यसभा से अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
भ्रष्टाचार और महिलाओं के उत्पीड़न का आरोप
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को भेजे अपने इस्तीफा पत्र में सुखेंदु ने लिखा, 'बंगाल की जनता ने पार्टी के व्यापक भ्रष्टाचार, महिलाओं पर हो रहे घोर उत्पीड़न और इसकी विफलता। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, उद्योग, रोजगार और कानून व्यवस्था सहित सभी क्षेत्रों में व्याप्त गंभीर अराजकता को अस्वीकार कर दिया है।'
बीजेपी की जमकर तारीफ
भाजपा की सराहना करते हुए सुखेंदु ने आगे लिखा, 'बंगाल के इतिहास में पहली बार मतदाताओं ने भारतीय जनता पार्टी को सीटों के मामले में भारी जीत दिलाई है। नव निर्वाचित सरकार ने अपने चुनावी वादों के अनुरूप बंगाल के समग्र विकास और पुनर्निर्माण के लिए कई कार्यक्रमों को लागू करने का काम शुरू कर दिया है।'
बीजेपी में शामिल हो सकते हैं ये सांसद
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की कुर्सी जाते ही उनकी पार्टी पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। राज्य में कई विधायक पहले ही अपना अलग गुट बना चुके हैं। माना जा रहा है कि दिल्ली में टीएमसी के बागी सांसद बीजेपी में शामिल होने को लेकर ही यह बैठक कर रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अहम बात यह है कि टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी और वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी भी आज INDIA गठबंधन की बैठक के सिलसिले में दिल्ली में मौजूद हैं।
https://www.indiatv.in/india/politics/tmc-mp-meet-bjp-leader-bhupender-yadav-suvendu-adhikari-also-present-2026-06-08-1223728