पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत और आभूषण
देवभूमि उत्तराखंड की पहचान केवल इसके ऊंचे पहाड़ों और तीज-त्योहारों से ही नहीं है, बल्कि यहां की अनूठी संस्कृति और पारंपरिक आभूषण भी इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं। सदियों से पहाड़ी महिलाओं के श्रृंगार का मुख्य आधार रहा सोने का गलोबंद अब एक नए दौर में प्रवेश कर चुका है। जैसे-जैसे समय बदल रहा है, वैसे-वैसे फैशन के ट्रेंड्स में भी बदलाव आ रहे हैं। इसी बदलाव के क्रम में अब भारी-भरकम गलोबंद की जगह नई पीढ़ी में चीक पट्टी का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।
क्या है पारंपरिक गलोबंद की खासियत
ऋषिकेश स्थित भोला ज्वेलर्स के मालिक अश्विनी भोला ने बातचीत के दौरान बताया कि गलोबंद उत्तराखंड की लोक-संस्कृति का एक अटूट हिस्सा रहा है। यह एक विशेष प्रकार का नेकलेस होता है जिसे गले के चारों ओर फिट करके पहना जाता है। पारंपरिक रूप से इसे सोने से तैयार किया जाता था, जिसमें बारीक कारीगरी और छोटे-छोटे सोने के मोतियों का इस्तेमाल किया जाता है। पुराने समय में पहाड़ की महिलाएं इसे अपनी पारंपरिक वेशभूषा के साथ पूरे मान-सम्मान के साथ धारण करती थीं। विवाह समारोहों और घर के अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों में गलोबंद पहनना महिलाओं के लिए सुहाग और श्रृंगार का प्रतीक माना जाता था।
युवतियों की पहली पसंद बनी चीक पट्टी
आज के दौर में जब फैशन की बात आती है, तो युवतियां और नई पीढ़ी की महिलाएं अब भारी गहनों के बजाय हल्के वजन और स्टाइलिश आभूषणों को प्राथमिकता दे रही हैं। इसी जरूरत ने चीक पट्टी को लोकप्रिय बना दिया है। इसे पारंपरिक गलोबंद का एक आधुनिक और स्टाइलिश विकल्प माना जा रहा है। चीक पट्टी की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसे अलग-अलग रंगों, पैटर्न और डिजाइनों में तैयार किया जाता है, जिससे इसे साड़ी, सूट, लहंगा और अन्य किसी भी पारंपरिक पहनावे के साथ आसानी से मैच किया जा सकता है।
आधुनिक डिजाइनों का जलवा
ज्वेलरी बाजार में उपलब्ध चीक पट्टी में कई तरह की विविधताएं देखने को मिलती हैं। इनमें मोतियों की बेहद बारीक बाइंडिंग की जाती है, जो इसे एक क्लासी लुक देती है। कुछ खास डिजाइनों में वेलवेट फैब्रिक के ऊपर चौकोर आकार की नक्काशी भी की जाती है, जो इसे और अधिक आकर्षक बनाती है। इसके अलावा, आजकल हसली वाले सेट भी बाजार में काफी चलन में हैं। इन गहनों का वजन कम होने के कारण इन्हें लंबे समय तक पहनना आसान और आरामदायक होता है, यही कारण है कि आज की कामकाजी और फैशन प्रेमी युवतियां इसे अपने कलेक्शन का हिस्सा बना रही हैं।
https://hindi.news18.com/news/uttarakhand/rishikesh-uttarakhand-traditional-pahadi-galoband-modern-jewellery-trend-cheek-patti-design-in-rishikesh-local18-10974388.html