मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन के मुकाबले भाजपा ने उतारे महेश केवट

भाजपा ने मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट पर मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन के सामने उम्मीदवार बनाया है, जिससे इस सीट पर सीधी टक्कर तय हो गई है।

भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव में पहले दो प्रत्याशियों के नाम तय करने के बाद रविवार को तीसरी सीट के लिए भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी। पार्टी ने इस सीट पर कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन के सामने राज्य के मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को मैदान में उतारा है। इस फैसले के साथ ही तीसरी सीट पर दोनों दलों के बीच आमने-सामने का मुकाबला अब तय हो गया है।

मुख्यमंत्री आवास पर हुई समीक्षा बैठक

तीसरे प्रत्याशी के नाम का ऐलान करने से पहले भोपाल स्थित मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी नेताओं ने बैठक कर पूरी स्थिति का जायजा लिया। पार्टी सूत्रों के अनुसार इसी बैठक में महेश केवट को तीसरे उम्मीदवार के रूप में उतारने पर सहमति बनी और इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व ने भी इस पर अपनी मंजूरी दे दी।

आज नामांकन भरेंगी नटराजन

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार रात महेश केवट को तीसरा प्रत्याशी घोषित किया। इससे पहले शनिवार को पार्टी के उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर चुके थे। उधर, कांग्रेस की प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन सोमवार को नामांकन भरेंगी। एक दिन पहले शनिवार को भोपाल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई थी, जिसके बाद पार्टी नेताओं ने एकजुटता का दावा करते हुए नटराजन की जीत का भरोसा जताया था।

विधानसभा में दलीय गणित

मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में इस समय प्रभावी वोटों की संख्या 228 है। इनमें भाजपा के 164 और कांग्रेस के 64 विधायक शामिल हैं। हालांकि बीना से विधायक निर्मला सप्रे के मतदान को लेकर स्थिति साफ न होने और उनके भाजपा की ओर झुकाव तथा विजयपुर से विधायक मुकेश मल्होत्रा के मतदान पर लगी रोक जैसी तकनीकी वजहों से कांग्रेस का प्रभावी आंकड़ा घटकर 62 रह गया है।

हर सीट के लिए चाहिए 58 वोट

राज्यसभा की इन तीन सीटों में से प्रत्येक पर जीत के लिए हर उम्मीदवार को 58 वोटों की आवश्यकता है। इस गणित के मुताबिक दो सीटें जीतने के लिए भाजपा को 116 वोट चाहिए। कुल 164 में से 116 वोट देने के बाद पार्टी के पास 48 वोट बचते हैं, जबकि तीसरी सीट के लिए उसे 58 वोट चाहिए। यानी भाजपा को 10 अतिरिक्त वोटों की दरकार है। कांग्रेस के पास जीत के लिए जरूरी संख्या मौजूद है, लेकिन भाजपा की ओर से तीसरा उम्मीदवार उतारे जाने से उसकी मुश्किलें बढ़ गई हैं और नटराजन की जीत की राह आसान नहीं रह गई है। मध्य प्रदेश की इन तीन राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 18 जून को होगा।

https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/mp-rajya-sabha-elections-bjp-fields-mahesh-kevat-against-madhya-pradesh-congress-meenakshi-natarajan-2026-06-08-1223704