मध्य प्रदेश: 35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, ग्वालियर-चंबल में गर्मी का सितम जारी

मानसून आने से पहले ही मध्य प्रदेश में प्री-मानसून बारिश का दौर तेज है, जहां सोमवार को करीब 35 जिलों में आंधी और तेज बारिश के आसार हैं, वहीं ग्वालियर-चंबल अंचल को अभी कुछ और दिन भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी।

मध्य प्रदेश में मानसून की औपचारिक दस्तक से पहले ही जोरदार बारिश की संभावनाएं बन रही हैं। बीते सप्ताह से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं और कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश व आंधी दर्ज की गई। मानसून को अभी आने में करीब एक हफ्ते का समय शेष है, इसके बावजूद जून में प्रदेश में सामान्य से 65 प्रतिशत अधिक बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक राज्य में औसतन आधे इंच से ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस अवधि की सामान्य बारिश लगभग 8.3 मिमी होती है। भोपाल, आगर मालवा और शाजापुर में करीब 2 इंच बारिश हुई, वहीं नीमच में लगभग 2.5 इंच पानी गिरा।

मानसून कब पहुंचेगा प्रदेश में

इस समय प्रदेश का मौसम मिला-जुला बना हुआ है। कुछ इलाकों में चिलचिलाती गर्मी का असर है तो कहीं आंधी और बारिश का दौर शुरू हो चुका है। बताया जा रहा है कि रविवार को महाराष्ट्र में मानसून पहुंच चुका है और अनुमान है कि मध्य प्रदेश में यह 15 जून से 18 जून के बीच प्रवेश करेगा। पिछले वर्ष प्रदेश में मानसून ने 16 जून को दस्तक दी थी। फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियों के चलते 8 जून यानी सोमवार को नर्मदापुरम, सिवनी और भोपाल समेत करीब 35 जिलों में आंधी तथा 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं। इन क्षेत्रों के लिए तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। दूसरी तरफ ग्वालियर-चंबल अंचल को अभी कुछ दिन और गर्मी का सामना करना पड़ेगा, जहां पारा और चढ़ने वाला है।

इन जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, सागर, दमोह, कटनी, जबलपुर, भोपाल, रायसेन, सिहोर, विदिशा, धार, इंदौर, अलीराजपुर, टीकमगढ़, पन्ना, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी समेत करीब 35 जिलों के लिए बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।

गर्मी का ताजा हाल

आशंका जताई गई है कि ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर और चंबल क्षेत्र के कुछ हिस्सों में पारा और ऊपर जाएगा। यहां दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। 9-10 जून को इन इलाकों में लू चलने की आशंका भी बनी हुई है। रविवार को नौगांव में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि सागर में यह 41.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दतिया में तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, वहीं खजुराहो और दमोह में पारा 41 डिग्री के पार पहुंच गया। गुना और खंडवा में भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। प्रदेश के पांच बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 40.4 डिग्री सेल्सियस, जबलपुर में 40.1 डिग्री सेल्सियस, भोपाल में 38.8 डिग्री सेल्सियस, उज्जैन में 38 डिग्री सेल्सियस और इंदौर में 37.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/weather-report-mixed-conditions-in-mp-heavy-rain-and-storm-expected-in-35-districts-while-gwalior-chambal-faces-scorching-heat-2026-06-08-1223709