ओडिशा के क्योंझर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 21 वर्षीय एक युवती की कथित तौर पर उसके ही प्रेमी ने हत्या कर दी और अपराध के निशान मिटाने के लिए उसके शव को जंगल में दफना दिया। वारदात के 26 दिन बाद पुलिस ने जंगल से युवती के कंकाल अवशेष बरामद किए हैं और आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
शक की आग में जली प्रेम कहानी
मृतका की पहचान 21 वर्षीय अनीता महाकुड़ के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी उसका प्रेमी संग्राम आल्दा बताया गया है। यह घटना क्योंझर जिले के बड़बिल थाना क्षेत्र की भद्रसाही पंचायत के झाड़गांव की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपनी प्रेमिका के चरित्र पर शक था और उसे लगता था कि अनीता का संबंध किसी दूसरे युवक से भी है। इसी आशंका के चलते वह लंबे समय से परेशान चल रहा था। जांच में सामने आया कि जब आरोपी इलाके से बाहर रह रहा था, उसी दौरान युवती का कथित रूप से किसी अन्य युवक से संबंध हो गया था, जिसके चलते दोनों के बीच तनाव गहराता चला गया।
सुनसान जगह बुलाकर चाकू से किया हमला
बताया जा रहा है कि 11 मई 2026 को आरोपी ने बातचीत के बहाने अनीता को इलाके के एक सुनसान स्थान पर बुलाया। वहां उसने अपने संबंधों को लेकर बात रखी, लेकिन युवती ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया। इसी बीच दोनों के बीच तीखी बहस छिड़ गई। गुस्से में आकर आरोपी ने धारदार चाकू से अनीता पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद अपने अपराध को छिपाने के मकसद से आरोपी शव को घने जंगल में ले गया और वहां दफना दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे और वह कानून की पकड़ से बच सके।
घर नहीं लौटी तो मां ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद कई दिनों तक युवती का कोई सुराग नहीं मिला। जब अनीता घर नहीं लौटी तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई। आखिरकार 14 मई को उसकी मां प्रमिला महाकुड़ ने बड़बिल थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी बेटी रहस्यमय हालात में गायब हो गई है। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी। जांच के दौरान कई लोगों से पूछताछ की गई, टेक्निकल और सरकमस्टेंशल एविडेंस जुटाए गए तथा युवती के संपर्कों को भी खंगाला गया। धीरे-धीरे जांच की सुई उसके प्रेमी संग्राम आल्दा पर आकर टिक गई।
पूछताछ में टूटा आरोपी, कबूला जुर्म
लगातार पूछताछ और जुटाए गए सबूतों के आधार पर संग्राम इस मामले का मुख्य संदिग्ध बनकर उभरा। बाद में उसे हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई, जिसके दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और हत्या की पूरी कहानी पुलिस को बता दी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर ले गई, जहां क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया गया। इस दौरान आरोपी ने बताया कि उसने हत्या को किस तरह अंजाम दिया और उस जगह की भी पहचान कराई, जहां उसने शव को दफनाया था।
रिजर्व फॉरेस्ट से बरामद हुए कंकाल अवशेष
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रायदा सिद्धमठ रिजर्व फॉरेस्ट में तलाशी अभियान चलाया। यह जगह हत्या वाले स्थान से करीब पांच किलोमीटर दूर बताई जा रही है। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कराई गई, जिसके बाद वहां से युवती के कंकाल अवशेष बरामद हुए। पूरी प्रक्रिया के दौरान फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर मौजूद रही, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य इकट्ठा किए और उन्हें जांच के लिए भेज दिया। बरामद कंकाल को भी वैज्ञानिक जांच और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के लिए भेजा गया है।
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
आरोपी के कबूलनामे और उसके दिए ब्योरे के आधार पर मामले में बड़ी कामयाबी मिली है। हालांकि जांच अब भी जारी है और पुलिस हत्या के पीछे की परिस्थितियों तथा अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
इस वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। एक महीने से अपनी बेटी को तलाश रहे परिवार को आखिरकार उसकी मौत की खबर मिली, जिससे गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, 26 दिन बाद जंगल से कंकाल बरामद होने के बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
https://www.indiatv.in/crime/odisha-keonjhar-young-woman-murder-mystery-solved-2026-06-08-1223707