वेब सीरीज के जरिए हिंदी दर्शकों के बीच खास पहचान बनाने वाली प्रिया बापट ने अपने शुरुआती करियर का एक ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसे वो आज तक नहीं भूल पाई हैं। छोटे-छोटे किरदारों से सफर शुरू करने वाली एक्ट्रेस के लिए यह राह कभी आसान नहीं रही। हाल ही में उन्होंने बताया कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान वो इतनी असहज हो गई थीं कि उन्हें मदद के लिए अपने पति को बुलाना पड़ा था।
सेट पर को-स्टार ने उठाया फायदा
प्रिया बापट ने अपनी एक फिल्म का किस्सा सुनाते हुए कहा कि उनका यह अनुभव इतना खराब था कि वो इसे कभी भुला नहीं पाईं। एक्ट्रेस ने याद किया कि किस तरह फिल्म के सेट पर एक सीन के दौरान हीरो उनका फायदा उठाने लगा था और उसने अपनी ओर से सीन में किसिंग सीन जोड़कर उन्हें असहज कर दिया।
परेशान होकर पति को किया फोन
फिल्मफेयर के साथ बातचीत में प्रिया बापट ने उस बुरे अनुभव को याद किया। उन्होंने बताया कि सेट पर वो इतनी असहज हो गई थीं कि घबराकर उन्हें अपने पति को कॉल करना पड़ा। एक्ट्रेस को सहज महसूस कराने के लिए उनके पति कई दिनों तक उनके साथ ही रुके रहे।
स्क्रिप्ट पढ़ते वक्त ही था संदेह
एक्ट्रेस कहती हैं कि वो एक ऐसी फिल्म कर रही थीं, जिसमें सिर्फ एक ही किसिंग सीन था। स्क्रिप्ट पढ़ते वक्त ही उन्हें थोड़ा संदेह हो रहा था, लेकिन फिर भी उन्हें लगा कि उन्हें कुछ नया करके देखना चाहिए। खुद को चुनौती देने की सोच के साथ ही उन्होंने इस सीन के लिए हामी भर दी थी।
बार-बार जोड़ता रहा किसिंग सीन
जब शूटिंग की बारी आई तो स्क्रिप्ट में सिर्फ एक किसिंग सीन होने के बावजूद एक्टर बार-बार उसमें किसिंग सीन डाल रहा था और सीन को अपने मनमुताबिक आगे बढ़ा रहा था। इस वजह से वो काफी असहज हो गईं। प्रिया कहती हैं कि उस वक्त वो कुछ नहीं कर पाईं, क्योंकि उन्हें समझ ही नहीं आ रहा था कि उन्हें क्या करना चाहिए।
होटल में भी बनाता रहा दबाव
प्रिया बापट बताती हैं कि वो और उनका को-स्टार एक ही होटल में ठहरे हुए थे। एक ही जगह रुकने के कारण वो बार-बार फोन करके उनसे कुछ न कुछ कहता रहता था। कभी वो उन्हें स्विमिंग सिखाने की बात करता तो कभी ब्रेकफास्ट और कभी डिनर के लिए न्योता देता था।
3-4 दिन साथ रहे पति उमेश कामत
इन सब बातों से परेशान होकर प्रिया ने अपने पति उमेश कामत को फोन किया और वो शूटिंग लोकेशन पर पहुंच गए। इसके बाद एक्ट्रेस के पति 3-4 दिन तक उनके साथ ही रहे। वो कहती हैं कि यह उनका इकलौता ऐसा अनुभव रहा है, जिसका उन्हें गहरा सदमा लगा था।
ओटीटी और मराठी सिनेमा का जाना-माना नाम
प्रिया बापट को वेब सीरीज में उनके बेहतरीन काम के लिए सराहा जाता है। ओटीटी पर सीरीज के जरिए उन्होंने अपनी खास पहचान बनाई। उन्हें ‘सिटी ऑफ ड्रीम्स’ और ‘रात जवान है’ में उनके अभिनय के लिए जाना जाता है। इसके साथ ही वो मराठी सिनेमा का भी एक जाना-पहचाना नाम हैं, जहां उन्होंने काफी काम किया है। उनके पति भी रीजनल सिनेमा के दिग्गज कलाकारों में गिने जाते हैं।
https://hindi.news18.com/photogallery/entertainment/bollywood-priya-bapat-reveals-her-horror-experience-from-film-set-says-actor-forcefully-tried-to-kiss-her-left-her-traumatised-10549643.html