WWDC 2026 आज: iOS 27 और स्मार्ट AI Siri से उठेगा पर्दा, यहां देखें लाइव प्रसारण

ऐपल का सालाना डेवलपर इवेंट WWDC 2026 भारतीय समयानुसार आज रात 10:30 बजे शुरू होगा, जिसमें iOS 27, नए AI फीचर्स और अपग्रेडेड Siri की घोषणा संभव है। जानिए इसे कहां और कैसे लाइव देखा जा सकता है।

ऐपल का सबसे बड़ा सॉफ्टवेयर आयोजन Worldwide Developers Conference यानी WWDC 2026 आज होने जा रहा है। दुनियाभर के iPhone यूजर्स की निगाहें इस इवेंट पर लगी हैं, क्योंकि कंपनी अपने नए ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ-साथ कई AI फीचर्स का खुलासा कर सकती है। भारतीय यूजर्स के लिए ऐपल की कीनोट आज रात 10:30 बजे शुरू होगी।

हर वर्ष की तरह इस बार भी कंपनी iPhone, iPad, Mac, ऐपल Watch और Vision Pro के लिए नए सॉफ्टवेयर अपडेट पेश कर सकती है। हालांकि इस साल सबसे ज्यादा चर्चा ऐपल के AI प्लान और नए Siri को लेकर है।

iOS 27 पर रहेगा सबसे ज्यादा फोकस

उम्मीद की जा रही है कि WWDC 2026 में ऐपल iOS 27 से पर्दा उठाएगा, जिसमें नया डिजाइन, बेहतर परफॉर्मेंस और कई AI आधारित फीचर्स शामिल हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी iPhone यूजर्स के अनुभव को और स्मार्ट बनाने के लिए कई अहम बदलाव कर सकती है। इसके साथ ही iPadOS 27, macOS 27, watchOS 27, tvOS 27 और visionOS 27 की भी घोषणा होने की संभावना है।

Siri को मिल सकता है दमदार AI अपग्रेड

इस बार WWDC का सबसे बड़ा आकर्षण नया Siri हो सकता है। माना जा रहा है कि ऐपल अपने वॉयस असिस्टेंट को पहले से कहीं अधिक स्मार्ट और उपयोगी बनाने की तैयारी में है। लीक्स के मुताबिक, नया Siri स्क्रीन पर दिख रही जानकारी को बेहतर ढंग से समझ सकेगा, अलग-अलग ऐप्स से डेटा जुटा पाएगा और अधिक स्वाभाविक तरीके से बातचीत कर सकेगा।

कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया है कि Siri को चैटबॉट जैसा अनुभव दिया जा सकता है, ताकि यह ChatGPT और Gemini जैसे AI टूल्स को सीधी टक्कर दे सके।

कई ऐप्स में जुड़ेंगे AI फीचर्स

ऐपल अपनी कई ऐप्स और सर्विसेज में भी AI की ताकत जोड़ सकता है। Writing Tools को और अधिक पावरफुल बनाया जा सकता है, वहीं फोटो एडिटिंग में नए AI फीचर्स मिलने की संभावना है। इसके अलावा Shortcuts ऐप को नेचुरल लैंग्वेज कमांड्स के जरिए और आसान बनाया जा सकता है। विजुअल इंटेलिजेंस और AI-सर्च से जुड़े नए फीचर्स भी पेश किए जा सकते हैं।

कहां और कैसे देखें WWDC 2026 की लाइव स्ट्रीमिंग

ऐपल का WWDC 2026 इवेंट कंपनी के आधिकारिक YouTube चैनल, ऐपल TV ऐप और ऐपल की वेबसाइट पर लाइव देखा जा सकता है। इवेंट की शुरुआत भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे होगी।

AI के तेजी से बढ़ते दौर में यह WWDC ऐपल के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कंपनी अपने यूजर्स के लिए कौन-से नए फीचर्स और सरप्राइज लेकर आती है।

https://hindi.news18.com/news/tech/launch-review-apple-wwdc-2026-live-ios-27-ai-siri-and-major-announcements-expected-how-to-watch-10549251.html