एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रहीं। पहले उन्हें कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का सामना करना पड़ा, फिर दोबारा सिस्ट बन गया। इससे उबरने के बाद उन्हें पता चला कि शरीर में दो नए सिस्ट बन गए हैं, वहीं दूसरी ओर उनके ससुर को ब्रेन स्ट्रोक आ गया। एक साथ कई परेशानियों से घिरी एक्ट्रेस की सेहत को लेकर फैंस काफी चिंतित थे। इसी बीच उनके पति और एक्टर शोएब इब्राहिम ने हाल की चर्चाओं पर खुलकर बात की और ताजा अपडेट साझा किया।
सर्जरी की अफवाहों पर लगा विराम
सोशल मीडिया पर इस बात की चर्चा जोरों पर थी कि दीपिका कक्कड़ की एक बार फिर सर्जरी होने वाली है। हालांकि शोएब इब्राहिम ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि दीपिका की कोई सर्जरी नहीं हो रही, बल्कि अब उन्हें इम्यूनोथेरेपी से गुजरना पड़ रहा है। अपने हालिया व्लॉग में शोएब ने एक्ट्रेस के इलाज को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि वह अब रिकवरी की राह पर हैं और अपना पहला इम्यूनोथेरेपी सेशन ले चुकी हैं।
शोएब के मुताबिक दीपिका के इम्यूनोथेरेपी सेशन रिलायंस हॉस्पिटल में हो रहे हैं और इसमें 3-4 घंटे का समय लगता है। एक्टर ने यह भी बताया कि उनके पिता फिलहाल कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती हैं, जहां वह उनसे मिलने जाएंगे। उन्होंने दुआ की कि दीपिका पर इम्यूनोथेरेपी का सही असर हो।
फिलहाल नहीं होगी कोई सर्जरी
शोएब ने स्पष्ट किया कि एक्ट्रेस की किसी भी तरह की सर्जरी की योजना नहीं है। उन्होंने कहा, 'बहुत से लोग पूछ रहे हैं कि क्या दीपिका की फिर से सर्जरी होने वाली है या हो रही है। अभी तक डॉक्टर्स ने ऐसा कुछ नहीं कहा है, फिलहाल कोई सर्जरी नहीं हो रही है।' काफी समय बाद शोएब की ओर से दीपिका की बीमारी को लेकर यह नया अपडेट सामने आया है। इससे पहले एक्ट्रेस ने खुद बताया था कि उन्हें दो नए सिस्ट हो गए हैं।
पिता की सेहत में भी सुधार
पिछले हफ्ते शोएब के पिता की तबीयत बिगड़ गई थी और ब्रेन स्ट्रोक के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिता की सेहत को लेकर एक्टर ने कहा, 'मेरे पिता अब बेहतर हैं। उनकी तबीयत दिन-ब-दिन सुधर रही है। उनकी स्पीच और शरीर का दायां हिस्सा धीरे-धीरे रिकवर होगा। बीमारी के 10 दिन बाद वह बीते दिन पहली बार बोले और अब मुस्कुरा भी रहे हैं। उनकी स्पीच थेरेपी भी जल्द शुरू होगी। अभी जब वह लंबे वाक्य बोलने की कोशिश करते हैं तो अटकते हैं, लेकिन बीते एक-दो दिन में चीजें बेहतर होने लगी हैं।'
दीपिका कक्कड़ का सफर
साल 2025 में दीपिका कक्कड़ ने खुलासा किया था कि वह स्टेज 2 लिवर कैंसर से जूझ रही हैं, जिसके बाद सर्जरी के जरिए उनका ट्यूमर निकाला गया था। इसके बाद उन्हें दोबारा एक सिस्ट हुआ, जिसकी भी सर्जरी की गई। तभी से वह लगातार अपने यूट्यूब चैनल के जरिए सेहत से जुड़ी जानकारी और अपनी जिंदगी के उतार-चढ़ाव साझा करती रहती हैं।
एक्ट्रेस आखिरी बार 'सेलिब्रिटी मास्टर शेफ' में नजर आई थीं, लेकिन उन्होंने यह शो बीच में ही छोड़ दिया था। दीपिका ने 'ससुराल सिमर का' जैसे हिट शो से पहचान बनाई और 'बिग बॉस सीजन 12' का खिताब भी अपने नाम किया। पहली शादी से तलाक के बाद उन्होंने अपने को-स्टार शोएब से शादी की और दोनों का एक बेटा रुहान है।
https://www.indiatv.in/entertainment/tv/will-dipika-kakar-undergo-surgery-again-actress-battling-cancer-already-had-two-operations-now-husband-shoaib-shared-health-update-2026-06-08-1223668