इजरायल-लेबनान तनाव से कच्चे तेल में जोरदार तेजी, 2% से ज्यादा चढ़े दाम

इजरायल के लेबनान पर नए हमलों के बाद सोमवार को ब्रेंट और अमेरिकी क्रूड दोनों की कीमतें 2% से ज्यादा उछल गईं। बढ़ते तनाव से तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है, जिसका असर भारत में पेट्रोल-डीजल के दामों पर पड़ सकता है।

पश्चिम एशिया में फिर से सिर उठा रहे तनाव ने वैश्विक अर्थव्यवस्था की चिंताएं गहरा दी हैं। इजरायल की ओर से लेबनान पर किए गए ताजा हमलों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम तेजी से चढ़ गए। सोमवार को ब्रेंट और अमेरिकी क्रूड ऑयल, दोनों की कीमतें 2% से अधिक बढ़ गईं। आशंका जताई जा रही है कि अगर हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो पेट्रोल और डीजल के दाम एक बार फिर ऊपर जा सकते हैं।

कीमतों में 2% से ज्यादा की बढ़त

हालिया कारोबार में अमेरिकी क्रूड ऑयल 2.32% की तेजी के साथ 92.64 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं ब्रेंट क्रूड 2.5% चढ़कर 95.42 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता नजर आया। दरअसल, कुछ समय पहले ही इजरायल और लेबनान के बीच युद्धविराम हुआ था और उम्मीद थी कि इलाके में शांति बहाल होगी, लेकिन नए हमलों ने इन उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। इसके साथ ही अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की राह भी कठिन होती दिख रही है। निवेशकों को आशंका है कि क्षेत्र में बढ़ता टकराव तेल आपूर्ति को और बाधित कर सकता है।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज सबसे बड़ी चुनौती

दुनिया के तेल कारोबार का बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होकर गुजरता है। ईरान की ओर से इस समुद्री मार्ग पर लगाई गई पाबंदियों और रुकावटों के चलते तेल आपूर्ति पहले से ही प्रभावित है। गौरतलब है कि अगर यह रास्ता लंबे समय तक बाधित रहा तो वैश्विक तेल बाजार में बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।

OPEC+ का कदम भी बेअसर

हालांकि OPEC+ देशों ने तेल उत्पादन बढ़ाने का निर्णय लिया है, लेकिन इससे बाजार को खास राहत मिलती नहीं दिख रही। कई उत्पादक देश आपूर्ति से जुड़ी अड़चनों के कारण निर्धारित लक्ष्य तक उत्पादन नहीं बढ़ा पा रहे हैं।

भारत पर कितना पड़ेगा असर

भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चा तेल आयात के जरिए पूरा करता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के महंगा होने का सीधा असर देश पर पड़ सकता है। इससे पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर दबाव बढ़ेगा और परिवहन लागत बढ़ने से महंगाई भी तेज हो सकती है। उल्लेखनीय है कि बीते एक महीने में पेट्रोल और डीजल के दाम चार बार बढ़ चुके हैं। इस दौरान दोनों ईंधनों की कीमतें कुल मिलाकर 7.50 रुपये से 8 रुपये प्रति लीटर तक चढ़ चुकी हैं।

https://www.indiatv.in/paisa/business/crude-oil-price-hike-more-than-2-percent-after-israel-strikes-lebanon-2026-06-08-1223664