दिवाली और फेस्टिव सीजन की छुट्टियों का ऐलान
नवंबर के महीने में प्रवेश करते ही हर तरफ त्योहारों की धूम शुरू हो गई है। रोशनी का महापर्व दिवाली बस आने ही वाला है, जिसे लेकर बाजारों में खरीदारी का दौर तेज हो चुका है। हालांकि, छात्रों और अभिभावकों के बीच सबसे बड़ी चर्चा इस बात की है कि इस साल दिवाली, धनतेरस, भाई दूज और छठ पूजा के दौरान स्कूलों में कितने दिन की छुट्टी रहेगी। इस बार दिवाली का मुख्य पर्व 8 नवंबर को पड़ रहा है, जो कि रविवार का दिन है। ऐसे में कई छात्रों को लग रहा था कि शायद इस बार छुट्टियां कम मिलेंगी, लेकिन राज्य सरकारों ने लंबी छुट्टियों का ऐलान कर दिया है।
धनतेरस (6 नवंबर) पर स्कूलों की स्थिति
दिवाली से ठीक पहले 6 नवंबर को धनतेरस मनाया जाएगा। इस दिन स्कूल खुलेंगे या बंद रहेंगे, इसे लेकर काफी असमंजस बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में 6 नवंबर यानी धनतेरस के दिन स्कूलों में अवकाश रहेगा। वहीं दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और मध्य प्रदेश के अधिकांश सरकारी और निजी स्कूलों में इस दिन या तो पढ़ाई जारी रहेगी या फिर हाफ-डे का आयोजन किया जा सकता है। हालांकि, कई निजी संस्थान धनतेरस के दिन से ही दीपावली की छुट्टियां शुरू कर रहे हैं, इसलिए छात्रों को अपने स्कूल से जारी सर्कुलर को जरूर देख लेना चाहिए।
महाराष्ट्र और राजस्थान में लंबी छुट्टियां
महाराष्ट्र और राजस्थान के छात्रों के लिए त्योहारों का यह सीजन काफी खुशनुमा रहने वाला है। इन दोनों ही राज्यों ने छात्रों को लंबी छुट्टियों का बड़ा तोहफा दिया है। महाराष्ट्र में मिड-टर्म छुट्टियां 2 नवंबर से ही शुरू हो गई हैं और ये 14 नवंबर तक जारी रहेंगी। इसके बाद 15 नवंबर को रविवार है, जिसके कारण राज्य भर के स्कूल 16 नवंबर से दोबारा खुलेंगे। वहीं, राजस्थान की बात करें तो वहां 4 नवंबर से लेकर 15 नवंबर तक लगातार 12 दिनों के लिए शैक्षणिक संस्थान बंद रखे जाएंगे।
बिहार में छठ पूजा तक का लंबा अवकाश
बिहार में दिवाली के बाद लोक आस्था का सबसे महत्वपूर्ण पर्व छठ पूजा मनाया जाता है। इस महापर्व को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार ने राज्य के स्कूलों में छुट्टियों का विशेष ऐलान किया है। राज्य के सभी स्कूलों में 7 नवंबर से लेकर 17 नवंबर तक ताला लगा रहेगा। इस तरह बिहार के छात्र दिवाली से लेकर छठ पूजा के समापन तक कुल 11 दिनों के लंबे अवकाश का आनंद उठा सकेंगे।
हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ का शेड्यूल
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में दिवाली के उत्सव को देखते हुए 6 नवंबर से 10 नवंबर तक 4 दिनों की छुट्टी घोषित किए जाने की संभावना है। वहीं छत्तीसगढ़ में छुट्टियों का दायरा थोड़ा और बड़ा है। छत्तीसगढ़ के स्कूल और कॉलेज 6 नवंबर (धनतेरस) से लेकर 11 नवंबर (भाई दूज) तक लगातार 6 दिनों के लिए बंद रहेंगे। हालांकि, अलग-अलग एजुकेशन बोर्ड्स अपने स्थानीय कैलेंडर के अनुसार इसमें मामूली बदलाव कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश में छुट्टियों की स्थिति
उत्तर प्रदेश में दिवाली (8 नवंबर), गोवर्धन पूजा और भाई दूज के अवसर पर अवकाश रहेगा। हालांकि, यूपी में छुट्टियों का पैटर्न स्थानीय प्रशासन और निजी स्कूलों के प्रबंधन के आधार पर थोड़ा भिन्न हो सकता है। कई निजी स्कूल अपनी सुविधानुसार छुट्टियों की अवधि बढ़ा या घटा सकते हैं। इसलिए छात्रों और उनके माता-पिता को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी तरह की उलझन से बचने के लिए अपने स्कूल द्वारा जारी आधिकारिक संदेश या हॉलिडे नोटिस का इंतजार करें। यदि फिर भी कोई संशय बना हुआ है, तो सीधे स्कूल के कार्यालय से संपर्क करना ही सबसे उचित विकल्प होगा।
https://hindi.news18.com/news/career/education-dhanteras-diwali-school-holidays-2026-state-wise-bhai-dooj-chhath-puja-vacation-list-10964842.html