पिछले हफ्ते सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली 'बंदर' और 'पेड्डी' को बड़ी रिलीज के तौर पर देखा जा रहा था और दर्शकों के साथ-साथ ट्रेड जगत की नजरें भी दोनों के कलेक्शन पर टिकी थीं। जानकारों का अनुमान था कि राम चरण की 'पेड्डी' पहले ही दिन से जबरदस्त कमाई करेगी और हुआ भी ठीक वैसा ही। दूसरी तरफ बॉबी देओल की फिल्म रेस में काफी पिछड़ गई और अब इस मुकाबले से लगभग बाहर हो चुकी है। दोनों फिल्मों के बीच अब किसी तरह की टक्कर नहीं बची है और कमाई के लिहाज से इनके बीच 230 करोड़ का सीधा अंतर है।
चार दिन में 'पेड्डी' का कलेक्शन
बुची बाबू के निर्देशन में बनी और राम चरण व जाह्नवी कपूर अभिनीत 'पेड्डी' बीते चार दिनों से लगातार दमदार कमाई कर रही है। चौथे दिन फिल्म ने 9068 शो के जरिए ₹31.90 करोड़ की नेट कमाई की। इसके साथ ही भारत में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹187.02 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹157.15 करोड़ तक पहुंच गया है। विदेशी बाजार में फिल्म ने चौथे दिन ₹4 करोड़ कमाए, जिससे विदेश में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹46.00 करोड़ हो गया। इस तरह दुनिया भर में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹233.02 करोड़ पर जा पहुंचा है। सबसे ज्यादा कमाई तेलुगु भाषा में हो रही है, हालांकि यह एक पैन इंडिया रिलीज है और इसे तमिल, तेलुगु, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम यानी पांच भाषाओं में पेश किया गया है।
दिन-प्रतिदिन की कमाई
बुधवार को फिल्म का प्री-रिलीज इवेंट आयोजित हुआ था, जिस दिन इसकी कमाई 18.50 करोड़ रुपये रही। रिलीज के पहले दिन यानी गुरुवार को फिल्म ने 51 करोड़ रुपये बटोरे। दूसरे दिन कलेक्शन में बड़ी गिरावट आई और शुक्रवार को फिल्म सिर्फ 26.90 करोड़ रुपये ही कमा सकी। इसके बाद शनिवार को आंकड़ा फिर ऊपर चढ़ा और 28.85 करोड़ पर पहुंच गया। चौथे दिन कमाई में और बढ़ोतरी देखने को मिली और यह 31.90 करोड़ रुपये दर्ज की गई।
'बंदर' की धीमी रफ्तार
'पेड्डी' के एक दिन बाद रिलीज हुई 'बंदर' को पर्दे पर आए अभी सिर्फ 3 दिन ही बीते हैं। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कमाई बेहद सुस्त चाल से आगे बढ़ रही है। तीसरे दिन फिल्म ने एक करोड़ रुपये कमाए और इसके साथ ही इसका कुल ग्रॉस बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 2.94 करोड़ रुपये हुआ, जबकि भारत में नेट कमाई महज 2.45 करोड़ रुपये ही रही। पहले दिन फिल्म ने 50 लाख की कमाई की थी। दूसरे दिन भी आंकड़ा एक करोड़ के पार नहीं जा सका और सिर्फ 95 लाख पर अटका रहा। तीसरे दिन किसी तरह फिल्म 1 करोड़ का आंकड़ा छू पाई।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/peddi-vs-bandar-bobby-deol-swag-fades-before-ram-charan-massive-gap-in-box-office-collection-peddi-collects-game-changing-233-crore-2026-06-08-1223676