हॉलीवुड फिल्म 'ऑब्सेशन' के मुरीद हुए रामगोपाल वर्मा, दुनियाभर में फिल्म ने बटोरे 213 करोड़

कम बजट में बनी हॉलीवुड फिल्म 'ऑब्सेशन' की दिग्गज निर्देशक रामगोपाल वर्मा ने जमकर सराहना की है। दुनियाभर में यह फिल्म 213 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।

कम बजट में तैयार हुई हॉलीवुड फिल्म 'ऑब्सेशन' की धूम सिर्फ विदेशों तक सीमित नहीं रही, बल्कि भारत में भी इस फिल्म की खूब चर्चा हुई। जाने-माने निर्देशक रामगोपाल वर्मा भी इस फिल्म से इस कदर प्रभावित हुए कि वे लगातार इसकी तारीफ करते नजर आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक बार फिर इस फिल्म की प्रशंसा करते हुए पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने फिल्म के बेहतरीन फिल्मांकन को सराहा। गौर करने वाली बात यह है कि यह फिल्म अब तक दुनियाभर से 213 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।

रामगोपाल वर्मा का पोस्ट

रामगोपाल वर्मा ने अपने एक्स अकाउंट पर इस फिल्म को लेकर विस्तार से अपनी राय रखी और बताया कि फिल्म निर्माण के किस पहलू ने उन्हें सबसे ज्यादा आकर्षित किया। उन्होंने लिखा, 'मैं ‘ऑब्सेशन’ से पूरी तरह मंत्रमुग्ध हूं। कुछ ही हफ्ते पहले तक पूरी इंडस्ट्री यही मानकर चल रही थी कि केवल बड़े सितारों, भारी-भरकम बजट और शानदार विज़ुअल इफेक्ट्स वाली फिल्में ही दर्शकों को सिनेमाघर तक ले जा सकती हैं, मगर ‘ऑब्सेशन’ ने इस सोच को जड़ से पलट दिया है।' उन्होंने आगे लिखा, 'इसमें न कोई बड़ा सितारा है, न भव्य लोकेशन, न आलीशान प्रोडक्शन डिजाइन, न विदेशी शूटिंग और न ही कोई शीर्ष तकनीशियन। इसके कथित 7 करोड़ (भारतीय) बजट के बावजूद यह आसानी से समझा जा सकता है कि तकनीकी शुल्क को छोड़कर इसकी शुद्ध निर्माण लागत 70 लाख से ज्यादा नहीं हो सकती, क्योंकि इसकी पूरी शूटिंग महज 3 जगहों पर हुई है।'

निर्देशक की दिल खोलकर सराहना

निर्देशक करी बार्कर की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए रामगोपाल वर्मा ने कहा, 'निर्देशक की शैली देखने में बेहद सादगी भरी लेकिन अपने आप में अनूठी है। वे संपादन को सिर्फ एक तकनीकी कला के तौर पर नहीं, बल्कि एक मनोवैज्ञानिक हथियार की तरह बरतते हैं, जिसमें तीखे कट्स को खासतौर पर लंबे ठहराव वाले दृश्यों के साथ जोड़ा गया है। ऐसे लंबे शॉट्स असहनीय तनाव पैदा कर देते हैं, क्योंकि दर्शक किरदार के नजरिए में इस तरह उलझ जाते हैं कि उससे बाहर निकल पाना नामुमकिन हो जाता है।'

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की धमाकेदार कमाई

एक रिपोर्ट के मुताबिक, फोकस फीचर्स की हॉरर-रोमांस फिल्म 'ऑब्सेशन' स्टूडियो की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। इसने वैश्विक स्तर पर 224.7 मिलियन अमेरिकी डॉलर का आंकड़ा पार कर लिया है। भारतीय मुद्रा में देखें तो यह फिल्म अब तक दुनियाभर से 213 करोड़ रुपये कमा चुकी है। खास बात यह है कि अब भी दर्शक इसे बड़े चाव से देख रहे हैं और फिल्म लोगों को खूब पसंद आ रही है।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/ram-gopal-varma-lauds-for-hollywood-film-obsession-which-collected-213-crore-rupees-from-all-over-the-world-2026-06-08-1223686