सुबह के नाश्ते में पराठा कई लोगों की पहली पसंद होता है। किसी को प्याज का पराठा भाता है तो किसी को गोभी का। आज हम आपके लिए आलू का एक खास पराठा लेकर आए हैं, जो सामान्य आलू पराठे से थोड़ा अलग है। इसका नाम है रेशमी आलू पराठा। खाने में यह बेहद स्वादिष्ट लगता है और इसे बनाना भी आसान है, इसलिए घर के लोग इसे चाव से खाएंगे। आइए जानते हैं इसे बनाने का पूरा तरीका।
रेशमी आलू पराठा बनाने की सामग्री
- 3-4 उबले आलू
- 1 कप गेंहूं का आटा
- स्वादानुसार नमक
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच कटी हरी मिर्च
- 1 बड़ा चम्मच कटा हरा धनिया
रेशमी आलू पराठा बनाने की विधि
पहला स्टेप: सबसे पहले आलू को अच्छी तरह उबाल लें। उबलने के बाद इन्हें कद्दूकस कर लें। ध्यान रहे कि आलू को हाथ से मसलने के बजाय कद्दूकस यानी ग्रेट करना है।
दूसरा स्टेप: अब एक कप आटे में ग्रेट किया हुआ आलू, स्वादानुसार नमक, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच जीरा, 1 छोटा चम्मच कटी हरी मिर्च और 1 बड़ा चम्मच हरा धनिया मिलाकर नरम आटा गूंथ लें।
तीसरा स्टेप: गूंथे हुए आटे को 15 मिनट के लिए सेट होने रख दें। इससे पराठे करारे बनते हैं। तय समय बाद आटे की छोटी-छोटी लोई बनाकर उनकी पतली रोटियां बेल लें।
चौथा स्टेप: अब पराठे को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक घी लगाकर सेंक लें। आपके गरमागरम रेशमी आलू पराठे तैयार हैं, इन्हें गरमागरम सर्व करें।
सुबह आलू पराठा खाने के फायदे
सुबह के समय आलू पराठा खाने से शरीर को तुरंत ऊर्जा मिलती है और आप पूरे दिन एक्टिव व ऊर्जा से भरपूर महसूस करते हैं। यह पराठा लंबे समय तक पेट को भरा रखता है, जिससे जल्दी भूख नहीं लगती।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/make-soft-delicious-reshmi-aloo-paratha-for-morning-breakfast-know-how-to-make-2026-06-08-1223660