चंबल में बेलगाम रेत माफिया: मुरैना में RTO वाहन को टक्कर, दतिया में चेकपोस्ट पर बंदूक के दम पर हमला और CCTV तोड़े

मध्य प्रदेश के चंबल अंचल में रेत माफिया की दबंगई थमने का नाम नहीं ले रही। मुरैना में रेत भरे ट्रैक्टर ने आरटीओ की गाड़ी को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, वहीं दतिया में चेकपोस्ट पर बंदूक दिखाकर हमला किया गया और सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए।

मध्य प्रदेश के चंबल क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन पर लगातार कार्रवाई के बावजूद रेत माफिया के हौसले बुलंद बने हुए हैं। बीते दिनों दो अलग-अलग जिलों में सामने आई घटनाओं ने प्रशासन की चुनौतियों को फिर उजागर कर दिया है। एक ओर मुरैना में रेत से लदे ट्रैक्टर ने परिवहन विभाग की गाड़ी को टक्कर मारी, तो दूसरी ओर दतिया में चेकपोस्ट पर हथियारबंद लोगों ने हमला बोल दिया।

मुरैना में आरटीओ वाहन को टक्कर

रविवार सुबह मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर बड़ी घटना घटी। सुबह करीब 8:10 बजे टीआरपुरम कॉलोनी के पास परिवहन विभाग की टीम ने बिना नंबर प्लेट वाली एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया। मगर चालक रुकने के बजाय तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाते हुए आरटीओ की स्कॉर्पियो में टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

इसके बाद परिवहन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर का पीछा शुरू किया। करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दतिया में चेकपोस्ट पर बंदूक के दम पर हमला

दूसरी घटना दतिया जिले की है, जहां रेत माफिया ने सीधे चेकपोस्ट को निशाना बनाया। डीपार थाना क्षेत्र के किटाना रेत चेकपोस्ट पर शनिवार और बीती रात करीब 1:45 बजे यह वारदात हुई। आरोप है कि कुछ लोग बिना रॉयल्टी रेत से भरा ट्रैक्टर निकालने की कोशिश कर रहे थे। जब चेकपोस्ट पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें रोका, तो माफिया ने बंदूक दिखाकर धमकाया और मारपीट की।

इतना ही नहीं, आरोपियों ने चेकपोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ डाले और उन्हें अपने साथ ले गए। इस मामले में कंपनी कर्मचारी प्रेम सिंह की शिकायत पर पुलिस ने पुष्पेंद्र चौहान, नीशू सोलंकी समेत एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

लगातार बढ़ रही हिंसक घटनाएं

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, जिले में 23 जनवरी से अब तक रेत खदानों और चेकपोस्टों पर हमले तथा फायरिंग की कई वारदातें हो चुकी हैं। इन घटनाओं में दो लोगों की हत्या तक हो चुकी है, जिससे पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस और प्रशासन का कहना है कि अब ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/morena-chambal-sand-mafia-attack-rto-team-and-checkpost-with-guns-destroys-cctv-cameras-10549754.html